लुधियाना में जहरीली गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल, पूरा इलाका किया गया सील

लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव से 11 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई हैं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।

Updated: Apr 30, 2023, 11:35 AM IST

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक रिहायशी इलाके में फैक्ट्री से गैस का रिसाव होने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दर्जनभर लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गैस लीक के बाद पूरा इलाका सील कर दिया गया है।

हादसा शहर के ग्यासपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक एक इमारत में सुबह 7:15 बजे हुआ। मृतकों में 5 महिलाएं व 2 बच्चों समेत 6 पुरुष भी शामिल हैं। बच्चों की उम्र 10 और 13 साल है। लुधियाना की एसडीएम स्वाति ने बताया कि गैस रिसाव के बाद 11 लोग बेहोश भी हो गए। घटना के बाद मेडिकल, फायर ब्रिगेड, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। घायल लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।

यह भी पढ़ें: जो सड़क पर बैठी बहनों का साथ न दे वह नेत्री बनने का ख़्वाब देख रही है, फोगाट बहनों के ट्विटर वॉर में कांग्रेस की एंट्री

स्थानीय विधायक राजिंदरपाल कौर ने कहा कि इमारत में मिल्क बूथ खुला हुआ था और जो भी सुबह यहां दूध लेने गया वह बेहोश हो गया। प्रशासन ने इमारत के आसपास एक किलोमीटर के इलाके को सील कर दिया है। रिहायशी इलाके में बनी इस बिल्डिंग के 300 मीटर के दायरे कई लोग बेहोशी की हालत में मिले हैं।

बताया जा रहा है कि आसपास के घरों और ढाबों के लोग भी बेहोश हुए हैं। प्रशासन ने ड्रोन की मदद से आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने बताया कि घटना वाली इमारत से सभी लोगों को निकाला जा चुका है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इलाके में किस गैस का रिसाव हुआ और इसकी वजह क्या है। हालांकि, शुरूआती जांच में गैस की बदबू सीवरेज गैस जैसी पाई गई है। गैस की जांच के लिए मशीनें मंगवाई गई हैं।