भजन गायक अनूप जलोटा के बिगड़े बोल, भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग

जलोटा ने कहा कि चूंकि भारत में हिंदुओं की जनसंख्या अधिक है इसलिए इसे हिंदू राष्ट्र घोषित करना चाहिए

Publish: Feb 14, 2023, 11:49 AM IST

ग्वालियर। भजन गायक अनूप जलोटा ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग की है। जलोटा ने यह मांग अपना एक वीडियो संदेश जारी करते हुए की है। जलोटा ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के पीछे देश में अधिक हिंदू आबादी होने का हवाला दिया है। 

अनूप जलोटा ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी किया और कहा कि भारत को जल्द ही हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। भारत का जब बंटवारा हुआ तो पाकिस्तान एक इस्लामिक देश बना। इसी तर्ज पर भारत में भी हिंदुओं की आबादी अधिक है इसलिए इसे एक हिंदू राष्ट्र होना चाहिए। 

जलोटा ने कहा कि संसार में एक भी हिंदू राष्ट्र नहीं है। नेपाल पहले एक हिंदू देश था लेकिन उसे भी अब हिंदू देश नहीं कह सकते। ऐसे में भारत का हिंदू राष्ट्र घोषित होना ज़रूरी है। 

जलोटा ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद शांति है। अब वहां आतंकी हमले काफ़ी कम हो गए हैं। ऐसी ही शांति बनाए रखने के लिए एक बार हिंदू राष्ट्र घोषित होना ज़रूरी है। इससे शांति आ जाएगी। जलोटा के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोग तरह तरह के प्रतिक्रिया दे रहे हैं।