Bharat Bandh: दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लगा भयंकर जाम, सख्ती के बीच चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था

अग्निपथ योजना के विरुद्ध भारत बंद के दौरान विभिन्न संगठनों ने दिल्ली कूच की तैयारी की थी, इसी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सभी बॉर्डर्स पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है

Updated: Jun 20, 2022, 06:33 AM IST

नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के खिलाफ आज भारत बंद का ऐलान किया गया है। भारत बंद के आह्वान का व्यापक असर भी दिखने लगा है। राजधानी दिल्ली में पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर भयंकर जाम लग गया है। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी हुई है। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर सरहौल बॉर्डर पर ये जाम लगा है।

दरअसल, अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवा छात्रों ने सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया था। युवाओं के इस आह्वान का विपक्षी दलों ने भी समर्थन करने का ऐलान किया था। बताया जा रहा है कि इस बार मुख्य फोकस दिल्ली पर था। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग दिल्ली कूच करने की तैयारी में थे। इस बात की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई।

यह भी पढ़ें: अग्निपथ योजना के खिलाफ आज भारत बंद, कई राज्यों में हाई अलर्ट, बिहार-झारखंड में सभी स्कूल बंद

सोमवार सुबह से ही दिल्ली की तरफ जा रहे लोगों की कड़ी जांच शुरू हो गई। दिल्ली के सभी बॉर्डर्स पर बैरिकेडिंग की वजह से कई जगहों पर गाड़ियां रेंगती दिखीं, जिसकी वजह से लंबे-लंबे जाम लग गए। गुरुग्राम में सुबह-सुबह ऑफिस के टाइम पर लंबा जाम लग गया। जाम की स्थिति देखते हुए गुरुग्राम से दिल्ली की तरफ भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। इसके बावजूद स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सका।

उधर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भी जाम की दिक्कत देखने को मिली। यहां चिल्ला बॉर्डर नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया। इसपर नोएडा के ADCP रणविजय सिंह ने कहा कि भारत बंद के काफी इनपुट हमारे पास है, उसके हिसाब से हमने अपनी सभी व्यवस्थाएं कर रखीं हैं। हम सभी बॉर्डर पर तैनात है। दरअसल, दिल्ली पुलिस को इनपुट मिली थी कि प्रदर्शनकारी दिल्ली की सीमाओं में घुसकर उत्पात मचाना चाहते हैं। 

अग्निपथ स्कीम के खिलाफ अन्य राज्यों में चल रहे हिंसक प्रदर्शन के चलते कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इस कारण कई यात्री रेलवे स्टेशन पर फंस गए हैं। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी भारी भीड़ लग गया है। भारत बंद के ऐलान की वजह से बाकी राज्यों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बिहार के पटना में डाक बंगला चौराहा पर सुरक्षाबल तैनात हैं। राज्य के 20 जिलों में आज तीसरे दिन भी इंटरनेट बंद है।