पांचवें दिन असम पहुंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा, राहुल बोले- यहां हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार

राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल बना हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं गए, नागालैंड में उन्होंने बड़े वादे किए थे, लोग आज पूछ रहे हैं प्रधानमंत्री के वादे का क्या हुआ, शायद हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार असम में चलती है।

Updated: Jan 18, 2024, 12:50 PM IST

राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' आज आसम पहुंच चुकी है। असम में शिवसागर जिले से शुरू होकर यह यात्रा राज्य के 17 जिलों से गुजरेगी और 833 किमी का सफर तय करेगी।

गुरुवार को राहुल गांधी ने सुबह नगालैंड के तुली से बस यात्रा फिर से शुरू की और लगभग 9:45 बजे असम पहुंचे। असम में हलुवाटिंग में हजारों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया यात्रा के असम में प्रवेश पर नागालैंड से असम को झंडा सौंपा गया। 

इस दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल बना हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं गए, नागालैंड में उन्होंने बड़े वादे किए थे, लोग आज पूछ रहे हैं प्रधानमंत्री के वादे का क्या हुआ, शायद हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार असम में चलती है।

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक हमने 'भारत जोड़ो यात्रा' की। भारत जोड़ो यात्रा ने हिंदुस्तान के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया। BJP-RSS देश में नफरत फैलाते हैं और एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। इनका लक्ष्य जनता को लड़ाकर, उनका धन लूटने का है। 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद हमने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को मणिपुर से शुरू किया। इस यात्रा का लक्ष्य हिंदुस्तान की जनता को एकजुट करना है। क्योंकि BJP-RSS पूरे देश में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर अन्याय कर रहे हैं।'

कांग्रेस नेता ने कहा कि, 'मैं नागालैंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नागालैंड की पूरी टीम का धन्यवाद करना चाहता हूं। आपने नागालैंड में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को बहुत ही अच्छी तरह से चलाया और हमें अच्छा सहयोग मिला। उम्मीद है कि असम में भी यात्रा को वैसा ही सहयोग और प्यार भरा समर्थन मिलेगा।भारत जोड़ो न्याय यात्रा, भगवान शंकर की विचारधारा की यात्रा है। जो असम का इतिहास है, हम उसे फिर से दोहरा रहे हैं। भगवान शंकर ने सबको रास्ता दिखाया, लोगों को जोड़ने का काम किया और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। उसी रास्ते पर 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' चल रही है।'

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में 6,713 किलोमीटर लंबी यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी।

इससे पहले यात्रा के चौथे दिन राहुल गांधी ने नगालैंड के मोकोकचुंग जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोगों से कहा, 'मैं शर्मिंदा हूं कि PM मोदी ने 9 साल पहले नगालैंड के लोगों से नगा संधि को लेकर एक वादा किया था, लेकिन इसे लेकर कुछ नहीं किया। अगर आपके पास किसी चीज का हल नहीं है, तो आपको झूठ नहीं बोलना चाहिए।