दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, AAP सांसद संजय सिंह को किया गिरफ्तार

ED ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सुबह से ही उनके आवास पर ईडी की छापेमारी चल रही थी। संजय सिंह को उनको आवास से ले जाते वक्त AAP कार्यकर्ता उनकी गाड़ी के आगे लेट गए।

Updated: Oct 04, 2023, 06:54 PM IST

नई दिल्ली। शराब घोटाला मामले में पूछताछ के बाद ED ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह से ही संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी चल रही थी। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया शराब घोटाले मामले में पहले से ही तिहाड़ जेल में बंद हैं। आम आदमी पार्टी ने इसको लेकर सरकार पर निशाना साधा है।

संजय सिंह की गिरफ्तारी की जैसे ही खबर सामने आई उनके आवास पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जमा हो गए। संजय सिंह को ईडी के दफ्तर में ले जाया गया है। कहा जा रहा है कि आज की रात वह ईडी के लॉकअप में ही रहेंगे। मेडिकल कराए जाने के बाद उनको गुरुवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में 100 सीटों पर हुई चर्चा, अब उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार

संजय सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर बुधवार सुबह 7 बजे ED की टीम पहुंची थी। 10 घंटे तक चली इस छापेमारी के बाद गिरफ्तारी हुई। बताया जा रहा है, करीब 7-8 अधिकारी आबकारी नीति केस के सिलसिले में छानबीन कर रहे थे। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। इस केस में मनीष सिसोदिया पहले से जेल में बंद हैं।

ED की कार्रवाई को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'इस केस में 1000 रेड पड़ चुकी हैं। संजय सिंह के घर पर कुछ नहीं मिलेगा। 2024 के चुनाव आ रहे हैं और वे जानते हैं कि वे हारेंगे। ये उनकी हताशा भरी कोशिशें हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, ED, CBI और जैसी सभी एजेंसियां सक्रिय हो जाएंगी।'

उधर, दिल्ली बीजेपी ने AAP पार्टी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा के कार्यकर्ता ने "अब तो ये स्पष्ट है, केजरीवाल भ्रष्ट है" लिखे पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं में मांग करते हुए कहा कि केजरीवाल को सीएम पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।