Bihar Election 2020: कन्हैया कुमार ने किया मतदान, स्थानीय प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

कन्हैया कुमार को बंदर कहने वाले JDU प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद उर्फ बोगो सिंह आचार संहिता उल्लंघन मामले में गिरफ्तार, करीब 4 घंटे तक हिरासत में रहने के बाद जमानत पर छूटे

Updated: Nov 03, 2020, 09:03 PM IST

Photo Courtesy: Navodayatimes
Photo Courtesy: Navodayatimes

बेगूसराय। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। कई जगहों पर ईवीएम में गडबड़ी की खबरें सामने आई जिस वजह से मतदान देरी से शुरू हुआ। दूसरे चरण में आज बेगूसराय की 7 विधानसभा सीटों पर भी मतदान हो रहे हैं। सीपीआई नेता कन्हैया कुमार ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के मसनदपुर केंद्र संख्या 220 पर मतदान किया।

जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि चुनाव आयोग ने जो प्रोटोकॉल दिए हैं स्थानीय प्रशासन उनका पालन बिल्कुल नहीं कर रहा है। ना तो मतदाताओं को सैनटाइजर दिया जा रहा है और ना ही ग्लब्स। इतना ही नहीं मतदान के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा है।

कन्हैया कुमार ने कहा कि इस बार बिहार की जनता ने बदलाव का मूड बना लिया है और इसी के लिए ही मतदान कर रहे हैं। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता केंद्र सरकार के जुमलों को समझ चुकी है। अबकी बार जुमलेबाजी के खिलाफ मतदान हो रहा है। इतना ही नहीं राज्य सरकार की मंशा भी विफल हो चुकी है।

वहीं दूसरी तरफ कन्हैया कुमार को बंदर कहने वाले जदयू के प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद उर्फ बोगो सिंह को पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नरेंद्र प्रसाद को करीब 4 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया।