भाजपा को भारत जोड़ो यात्रा से दिक्कत होने लगी, मतलब तीर निशाने पर लगा है: योगेंद्र यादव का तंज

योगेंद्र यादव ने बताया कि पदयात्रा के दौरान सड़क के किनारे लोगों का हुजूम दिख रहा है। कोई जवाहरलाल नेहरू बनकर, तो कोई इंदिरा गांधी बनकर भारत यात्रियों का हौसला बढ़ा रहा है।

Updated: Sep 09, 2022, 01:20 PM IST

कन्याकुमारी। भारत जोड़ो यात्रा का आज तीसरा दिन समाप्त हुआ। दक्षिणभारत में इस यात्रा को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन ने सत्ताधारी दल की चिंताएं बढ़ा दी है। बीजेपी इस यात्रा को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमले बोल रही है। सोशल एक्टिविस्ट योगेंद्र यादव ने बीजेपी पर करारा तंज कसा है।

दरअसल, योगेंद्र यादव भी इस यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि इस यात्रा से भाजपा वाले परेशान है यही वजह है कि कांग्रेस की कंटेनर की तस्वीर बताकर महाराष्ट्र की लग्जरी बसों की तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। योगेंद्र यादव ने कहा कि वे परेशान हैं इसका मतलब तीर निशाने पर लगा है।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा को लेकर MP कांग्रेस की तैयारियां पूरी, मुख्य यात्रा से जुड़ेंगी 15 उपयात्राएं, कमलनाथ ने ली बैठक

योगेंद्र यादव ने बताया कि पदयात्रा के दौरान सड़क के किनारे लोगों का हुजूम दिख रहा है। कोई जवाहर लाल नेहरू बनकर, तो कोई इंदिरा गांधी बनकर भारत यात्रियों का हौसला बढ़ा रहे हैं। योगेंद्र यादव ने कहा कि यात्रा के दौरान ये महसूस किया गया कि इस यात्रा को लेकर नए नए नारे भी बन रहे हैं। जैसे 'मिलकर जोड़ो, खुशी से जोड़ो, भारत जोड़ो भारत जोड़ो' ..योगेंद्र यादव ने बताया कि 'वो तोड़ेंगे हम जोड़ेंगे', 'नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो' जैसे नारों का भी इस्तेमाल हो रहा है। 

पैदल चलने को लेकर योगेंद्र यादव ने कहा कि, 'वो यात्रा ही क्या जिसमें कष्ट ना हो। हमने जब जब यात्राएं की है उसमें किसी ना किसी परेशानी का सामना किया होगा। वहीं कष्ट यात्रा के उद्देश्य को बेहतर बनाता है। कष्ट भी एक कर्तव्य है। ऐसे ही संविधान को बचाना भी एक कर्तव्य है।' योगेंद्र यादव ने कहा कि ये यात्रा भी एक कर्तव्य की यात्रा के तौर पर देखी जानी चाहिए। उन्होंने अपील की है कि इस यात्रों से सभी को जुड़ना चाहिए।