PM मोदी के जन्मदिन पर पैदा होने वाले बच्चों को मिलेगी सोने की अंगूठी, तमिलनाडु बीजेपी का ऐलान

बीजेपी नेताओं ने बताया कि हर एक अंगूठी करीब 2 ग्राम सोने की होगी, जिसकी कीमत 5000 रुपये के आसपास हो सकती है। वहीं मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्वाचन क्षेत्र में 720 किलो मछली बांटने की भी योजना है।

Updated: Sep 16, 2022, 06:43 AM IST

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर देशभर में कई आयोजन होने वाले हैं। कहीं रक्तदान का आयोजन किया जायेगा है तो कहीं सेवा पखवाड़ा चलाया जायेगा। लेकिन तमिलनाडु में इस बार अलग तरीके से जन्मदिन बनाने की तैयारी है। यहां भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई 17 सितंबर को जन्म लेने वाले बच्चों को सोने की अंगूठी देगी। इस दिन जो बच्चे पैदा होंगे उन्हें लगभग 2 ग्राम की अंगूठी दी जाएगी।

केंद्र सरकार में मत्स्य पालन और सूचना व प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने कहा, 'हमने चेन्नई स्थित सरकारी RSRM हॉस्पिटल को चुना है जहां PM मोदी के जन्मदिन पर पैदा होने वाले सभी बच्चों को सोने की अंगूठी दी जाएगी। हर एक अंगूठी करीब 2 ग्राम सोने की होगी, जिसकी कीमत 5000 रुपये के आसपास हो सकती है। 

मुरुगन ने कहा कि यह मुफ्त में दी जाने वाली रेवड़ी नहीं है। बल्कि, हम इसके जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पैदा होने वालों का स्वागत करना चाहते हैं।' बीजेपी का अनुमान है कि इस अस्पताल में 17 सितंबर को 10-15 बच्चों का जन्म हो सकता है। इतना ही नहीं इस मौके पर मछली बांटने की भी योजना है।

मत्स्य पालन मंत्री ने आगे कहा, 'हम 17 सितंबर को 720 किलो मछली भी बांटेंगे। 720 किलो मछली बांटने के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्वाचन क्षेत्र को चुना गया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) योजना का मकसद मछली की खपत को प्रोत्साहित करना है। इसलिए, हम यह कदम उठा रहे हैं।'

उधर राजधानी दिल्ली के एक रेस्टोरेंट मालिक ने भी इस दिन को खास बनाने के लिए एक स्पेशल 'थाली' लॉन्च करने की तैयारी में है। कनॉट प्लेस स्थित ARDOR 2.0 रोस्टोरेंट में 56 आइटम वाले बड़े आकार की थाली पेश की जाएगी। ग्राहकों के पास वेज और नॉन-वेज दोनों का विकल्प होगा। इसका नाम '56 इंच मोदी जी' रखा गया है।''