राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, रेप पीड़ितों वाले बयान पर कर सकती है पूछताछ

राहुल गांधी ने श्रीनगर में भारत जोड़ो के दौरान यौन उत्पीड़न पीड़ितों को लेकर बयान दिया था। इसी मामले को लेकर दिल्ली पुलिस अब राहुल गांधी के घर पहुंची है।

Updated: Mar 19, 2023, 12:29 PM IST

नई दिल्ली। वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के घर दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान श्रीनगर में राहुल के बयान पर दिल्ली पुलिस उनसे बात करना चाहती है। बताया जा रहा है कि 16 मार्च को दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को नोटिस दिया था लेकिन राहुल ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस आज उनके घर पहुंची है।

दरअसल, राहुल गांधी ने कश्मीर में कहा था कि देश में आज भी महिलाएं यौन उत्पीड़न का शिकार हो रही हैं। हालांकि, बदनामी के डर से वे पुलिस ने इसकी शिकायत नहीं करती हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनसे कई महिलाओं ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की है। 

यह भी पढ़ें: पंजाब में 78 खालिस्तान समर्थक गिरफ्तार, अमृतपाल की तलाश अब भी जारी

दिल्ली पुलिस राहुल से उन महिलाओं की डिटेल्स जानना चाहती है, ताकि कानूनी कारवाई की जा सके। पुलिस ने पीड़िता के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए सवालों की एक लिस्ट राहुल को भेजी है। आज स्पेशल सीपी स्तर के अधिकारी के साथ आला अधिकारी राहुल गांधी से बातचीत करने की कोशिश करेंगे।

स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा, ”हम यहां उनसे (राहुल गांधी) बात करने आए हैं। राहुल गांधी ने 30 जनवरी को श्रीनगर में बयान दिया था कि यात्रा के दौरान वह कई महिलाओं से मिले और उन्होंने उन्हें बताया कि उनके साथ बलात्कार हुआ है। हम उनसे ब्योरा हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।”