Farmers Protest: आज फिर दिल्ली कूच करेंगे किसान, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती

किसानों का प्रदर्शन पंजाब-हरियाणा के बॉर्डर पर चल रहा है। एमएसपी जैसे किसानों के मुद्दे को लेकर इस प्रदर्शन की शुरुआत पिछले महीने हुई थी, जो अभी तक जारी है।

Updated: Mar 06, 2024, 09:45 AM IST

नई दिल्ली। किसान आंदोलन का आज 6 मार्च को 23वां दिन है। पंजाब-हरियाणा के हजारों किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस बीच आज संयुक्त किसान मोर्चा और किसान-मजदूर मोर्चा ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है। किसान संगठनों के आह्वान पर देशभर के किसान पैदल, बस व ट्रेनों से दिल्ली कूच करेंगे।

किसानों के आह्वान की वजह से दिल्ली पुलिस ने टिकरी, सिंघु और गाजीपुर बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके अलावा राजधानी के सभी मेट्रो स्टेशनों पर भी निगरानी की जा रही है। किसान नेता तेजवीर सिंह का कहना है कि, 'किसानों ने दिल्ली जाने की पूरी तैयारी कर ली है। आज पूरे भारत के किसान दिल्ली के जंतर-मंतर की ओर शांतिपूर्वक मार्च करेंगे। इस मार्च में राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब के किसान प्रमुखता से भाग लेंगे।

बता दें कि 18 फरवरी की आधी रात तक चली पिछले दौर की वार्ता के दौरान तीन केंद्रीय मंत्रियों के पैनल ने किसानों से एमएसपी पर पांच फसलें - मूंग दाल, उड़द दाल, अरहर दाल, मक्का और कपास - खरीदने की पेशकश की थी। केंद्र की तरफ से 5 साल का एग्रीमेंट भी तैयार करने की बात कही गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारी किसानों ने मांग ठुकरा दी और अपने विरोध स्थलों पर लौट आए।

किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने ऐलान किया है कि 10 मार्च को दोपहर 12 से 4 बजे तक पूरे देश में ट्रेनें रोकी जाएंगी। उधर, संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत का आह्वान किया है। इसे किसान-मजदूर महापंचायत नाम दिया है। इसमें देशभर से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ बसों, ट्रेनों व अन्य वाहनों से जाएंगे। महापंचायत के बाद सीधे घर लौटेंगे। 8 मार्च को महिला किसान संगठनों के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा।