दुर्गा महोत्सव के दौरान अयोध्या में चली गोलियां, एक की मौत, दो किशोरियां घायल
अयोध्या के नील गोदाम के पास जागरण का किया गया था आयोजन, अचानक अज्ञात लोगों ने शुरू कर दी फायरिंग, इलाज के दौरान हुई एक व्यक्ति की मौत, दो किशोरियों को लखनऊ रेफर किया गया

अयोध्या। दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में अयोध्या में ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। अचानक हुई इस फायरिंग में तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। एक व्यक्ति ने अयोध्या के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य घायल किशोरियों की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
अयोध्या के नील गोदाम के पास दुर्गा महोत्सव का आयोजन किया गया है। बुधवार रात को यहां जागरण का आयोजन किया गया था। रात करीब साढ़े दस बजे कुछ अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में 32 वर्षीय मंजीत यादव सहित दो अन्य बच्चियां घायल हो गईं।
घटनास्थल पर अचानक अफरा तफरी भरा माहौल पनप गया। जल्द ही लोगों की भारी भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मंजीत यादव की मृत्यु हो गई।
वहीं दो अन्य घायल किशोरियों की हालत नाज़ुक होने के कारण उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां दोनों का इस समय इलाज चल रहा है।अयोध्या की पुलिस ने इस मामले में अब तक एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक से पुलिसिया पूछताछ जारी है। एसएसपी शैलेश पांडे द्वारा बनाई गई चार टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं।