अंतिम सफर पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, पार्थिव देह के साथ वाहन पर राहुल गांधी निगमबोध घाट रवाना
मनमोहन की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए पीएम आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था। कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नई दिल्ली। "हजारों जवाबों से अच्छी है मेरी खामोशी, न जाने कितने सवालों की आबरू रखी"... 27 अगस्त, 2012 को संसद में यह शेर पढ़ने वाले मनमोहन सिंह हमेशा के लिए खामोश हो गए। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से पूरा देश ग़मज़दा है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अब से थोड़ी देर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह निगमबोध घाट पहुंचने वाली है।
सेवा, सादगी और समर्पण की मिसाल, भारत मां के प्रिय पुत्र डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा देख आज करोड़ों आंखें नम हैं। मनमोहन की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए पीएम आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था।
कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रगान गाकर उन्हें नम आंखो से विदाई दी।
इसके बाद पार्थिव देह को निगमबोध घाट ले जाया जा रहा है। राहुल गांधी पार्थिव देह के साथ गाड़ी में ही बैठे हैं। यहां 11:35 बजे उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
डॉ. मनमोहन सिंह जी के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय से निगम बोध घाट ले जाया गया।
— Congress (@INCIndia) December 28, 2024
उनके जाने से पूरा देश भावुक है, वे हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।
नमन pic.twitter.com/Jroll5XaDq
इससे पहले सुबह 11:15 से 11:27 के बीच केंद्रीय गृह सचिव, रक्षा सचिव, वायु सेना प्रमुख, नौसेना प्रमुख, थल सेना प्रमुख, सीडीएस और कैबिनेट सचिव पहुंचेंगे और पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिका, फ्रांस, कनाडा, रूस, पाकिस्तान और श्रीलंका समेत दुनियाभर के नेताओं ने शोक जताया है। सभी देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया। अफगानिस्तान, मालदीव, मॉरीशस और नेपाल के नेताओं ने भी उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।