दुनिया में सर्वाधिक आबादी वाला देश बना भारत, चीन को भी छोड़ा पीछे

सदियों से चीन ही आबादी के लिहाज से दुनिया में पहले नंबर पर था। मगर, अब भारत ने आबादी के मामले में चीन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारत की आबादी चीन से 2.9 मिलियन अधिक हो गई है।

Updated: Apr 19, 2023, 03:59 PM IST

नई दिल्ली। भारत ने आबादी के मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक भारत अब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला बन गया है। भारत की आबादी 142.86 करोड़ पहुंच गई है जबकि चीन की जनसंख्या 142.57 करोड़ है। भारत की आबादी अब 29 लाख ज्यादा हो गई है। यह पहली बार है कि भारत की जनसंख्या चीन से आगे निकल गई है।

संयुक्त राष्ट्र ने पिछले साल ही यह अनुमान लगाया था कि अगले साल तक भारत सबसे ज्यादा आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा। यूएन का यह अनुमान अब सही साबित हुआ है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक भारतीयों की संख्या चीनियों से 2.9 मिलियन अधिक है। भारत की आबादी बढ़ते-बढ़ते 140 करोड़ के पार पहुंच गई है। वहीं, चीन में बच्चे पैदा करने की दर कम हुई है, और वो इस साल माइनस में दर्ज की गई।

UNFPA की 'द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट 2023', जिसे '8 बिलियन लाइव्स, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज: द केस फॉर राइट्स एंड चॉइस' के टाइटल से जारी किया गया है, उसमें कहा गया है कि अब भारत की जनसंख्या 1,428.6 मिलियन है, जबकि चीन की जनसंख्या 1,425.7 मिलियन है। यानी दोनों की जनसंख्या में 2.9 मिलियन है।

संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या डेटा रिकॉर्ड में यह पहली बार है कि भारत की जनसंख्या 1950 के बाद से चीन से ज्यादा दर्ज की गई है। दरअसल संयुक्त राष्ट्र की स्थापना 1945 में खत्म हुए द्वितीय विश्व युद्ध के बाद हुई थी और 1950 संयुक्त राष्ट्र ने जनसंख्या डेटा एकत्र करना और जारी करना शुरू किया था। संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या के 1950 से 2023 तक के चार्ट और तालिका पर नजर डालें तो भारत की आबादी कुछ इस तरह से बढ़ी है।