अमेरिकी एयरलाइंस ने भारतीय छात्र को किया बैन, सहयात्री पर किया था पेशाब

न्यू यॉर्क से दिल्ली आ रहे विमान में नशे में धुत एक युवक ने अपने सह यात्री पर पेशाब कर दिया, जिसके बाद एयरलाइंस ने छात्र को प्रतिबंधित कर दिया

Publish: Mar 05, 2023, 12:21 PM IST

Photo Courtesy : NDTV.com
Photo Courtesy : NDTV.com

नई दिल्ली। विमान में सहयात्री पर पेशाब करने का एक और मामला सामने आया है। इस बार यह घटना अमेरिकी एयरलाइंस में हुई है। जिसके बाद एयरलाइंस ने आरोपी को प्रतिबंधित कर दिया है। अपने सहयात्री पर पेशाब करने वाला व्यक्ति भारतीय छात्र है जोकि अमेरिकी एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है। 

यह घटना शुक्रवार शनिवार की बताई जा रही है। स्थानीय समयानुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे अमेरिकी एयरलाइंस AA292 ने न्यू यॉर्क से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी। करीब चौदह घंटे का सफर तय करने के बाद विमान ने भारतीय समयानुसार शनिवार रात ग्यारह बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड किया। 

इसी सफर के दौरान विमान में मौजूद एक भारतीय छात्र ने अपने सहयात्री पर पेशाब कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यात्री नशे में धुत था। सहयात्री ने इसकी शिकायत जब विमान में मौजूद अधिकारियों से की तब पेशाब करने वाले युवक से जवाब तलब किया गया। युवक ने बताया कि वह नशे में धुत था जिस वजह से नींद में उसने पेशाब कर दिया। युवक ने अपनी इस गलती के लिए तत्काल ही कथित तौर पर माफी मांग ली। 

हालांकि एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि युवक ने विमान के क्रू सदस्यों के साथ भी बदसलूकी की थी। जिसके बाद विमान की लैंडिंग से पहले पायलट ने एटीसी के संपर्क कर सुरक्षा कर्मियों को युवक को कब्जे में लेने के लिए कहा था। विमान की लैंडिंग के बाद सीआईएसएफ का एक जवान युवक को अपने साथ ले गया लेकिन इस दौरान उसने सीआईएसएफ के जवान के साथ भी बदसलूकी की। 

सहयात्री पर पेशाब करने वाले युवक की पहचान 21 वर्षीय आर्य वोहरा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर अमेरिकी एयरलाइंस ने युवक को बैन कर दिया है। जबकि डीजीसीए ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि वह इस मामले को देख रहा है और जल्द ही इस संबंध में कोई कार्रवाई करेगा।