देशवासी महंगाई से युद्ध लड़ रहे हैं, पीएम मोदी को रूस-यूक्रेन युद्ध की चिंता: संजय राउत का तंज

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि जनता महंगाई के बोझ तले दबती जा रही है। जबकि हमारे पीएम रूस- यूक्रेन युद्ध सुलझाने में ही व्यस्त हैं

Updated: May 07, 2022, 10:27 AM IST

नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का कमर तोड़ दिया है। इसी बीच शनिवार को घरेलू गैस की कीमत में 50 रूपये की बढ़ोतरी हो गई है। बढ़ती महंगाई को लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर लिया है। राउत ने कहा है कि जनता महंगाई से त्रस्त है और पीएम मोदी रूस-यूक्रेन विवाद सुलझाने में व्यस्त हैं।

संजय राउत ने कहा कि भाजपा का कोई भी नेता आज महंगाई तथा बेरोजगारी जैसे मसले पर कुछ बोलता हुआ नजर ही नहीं आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी यूरोप के दौरे से आए हैं। उन्हें यूक्रेन तथा रशिया के युद्ध की चिंता है। देश की जनता महंगाई के युद्ध से लड़ रही है, इसकी उन्हें कोई परेशानी नहीं है। मोदी यूक्रेन और रुस के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं तथा उनके भक्त उनकी वाहवाही कर रहे हैं।

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर का मुद्दा अब खत्म हो चुका है। कानून के अनुसार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में शांति है। हालांकि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे थे। हिंदू-मुसलमान में तनाव तथा दंगे भड़काना चाह रहे थे। किन्तु समझदार जनता उनकी बातों में नहीं आई। लेकिन महाराष्ट्र में रहने वाली सभी जाति और धर्मों के लोगों ने ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया है। लाउडस्पीकर के संदर्भ में पूरे देश में एक सर्वमान्य नीति बनाई जानी चाहिए। 

राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस के डर से सभी पॉलिटिकल लाउडस्पीकर गायब हो गए हैं। देश में कानून का राज है और उसी के अनुरूप काम हो रहा है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि यदि लाउडस्पीकर उतारे गए तो सबसे अधिक खामियाजा हिंदू समाज को भुगतना पड़ेगा।