नाना बने उद्योगपति मुकेश अंबानी, बेटी ईशा ने दिया जुड़वां बच्चों को जन्म

अंबानी परिवार और पीरामल परिवार की ओर से जारी सूचना में ये बताया गया है कि ईशा अंबानी ने 19 नवंबर 2022 को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है जिसमें एक बेटा और एक बेटी है।

Updated: Nov 20, 2022, 12:27 PM IST

मुंबई। देश के मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी नाना बन गए हैं। उनकी बेटी ईशा ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। अंबानी परिवार और पीरामल परिवार की ओर से जारी सूचना में ये बताया गया है कि ईशा अंबानी ने 19 नवंबर 2022 को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है जिसमें एक बेटा और एक बेटी है। अंबानी परिवार ने लोगों के साथ इस खुशी को साझा करने के लिए प्रेस रिलीज भी जारी की है।

प्रेस रिलीज में लिखा गया है कि, 'हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे बच्चों ईशा और आनंद को 19 नवंबर 2022 को भगवान ने जुड़वां बच्चों का आशीर्वाद दिया है. ईशा और बच्चे, बच्ची आदिया और बच्चा कृष्णा अच्छे हैं। हम आदिया, कृष्णा, ईशा और आनंद के लिए उनके जीवन के इस सबसे महत्वपूर्ण चरण में आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।'

रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी और नीता अंबानी की बेटी ईशा अंबानी और उद्योगपति अजय पीरामल और स्वाति पीरामल के बेटे आनंद पीरामल की शादी 2018 में हुई थी। आनंद पीरामल एक बिजनेसमैन हैं। वे पीरामल इंटरप्राइजेज के मालिक अजय पीरामल और स्वाती पीरामल के बेटे हैं। वे यूनिवर्सिटी ऑफ पेन्सिल्वेनिया से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएट हैं। 

आनंद पीरामल ‘इंडियन मर्चेंट चैंबर’ की यूथ विंग के सबसे कम उम्र के प्रेसिडेंट रह चुके हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने दो स्टार्टअप शुरू किए हैं.. पहला- पीरामल ई-स्वास्थ्य और दूसरा पीरामल रिएल्टी। पीरामल ई-स्वास्थ्य एक दिन में 40 हजार से ज्यादा मरीजों का इलाज कर रहा है। बहरहाल, जुड़वा बच्चे होने के बाद मुकेश अंबानी के परिवार में अब तीन छोटे बच्चे हो गए हैं। उनके बेटे-बहू आकाश और श्लोका को एक बेटा है, जिसका नाम पृथ्वी है। मुकेश और नीता अंबानी कई मौकों पर अपने पोते पृथ्वी के साथ देखे गए हैं।