CBI को सौंपी गई महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले की जांच, सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दी जानकारी

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। इसी के साथ घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने वाले फोन को भी बरामद कर लिया गया है।

Updated: Jul 28, 2023, 09:42 AM IST

नई दिल्ली। मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। केंद्र सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में यह जानकारी दी। साथ ही केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर मामले की सुनवाई मणिपुर से बाहर कराने का आग्रह किया है। इससे पहले गृह मंत्रालय ने मणिपुर वायरल वीडियो की जांच सीबीआई को सौंपने की जानकारी दी थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीबीआई जांच का एलान करते हुए बताया कि मणिपुर में करीब 72 फीसदी सरकारी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। 82 फीसदी बच्चे भी स्कूल आने लगे हैं। सरकार ने मिणपुर में सभी जरूरी कदम उठाए हैं। अतिरिक्त सुरक्षाबल दिए गए। करीब 36 हजार जवान वहां तैनात हैं। केंद्रीय बलों की 124 कंपनियां और सेना व असम राइफल्स की 184 टुकड़ियां भेजी गईं। गृह मंत्री शाह ने तीन दिन और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने 22 दिन मणिपुर में कैंप किया है।

इस बीच, सरकारी सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि जिस मोबाइल से वह वायरल वीडियो शूट किया गया था। उसे भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही वीडियो शूट करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सरकारी सूत्रों ने यह भी बताया है कि केंद्र सरकार ने केंद्र ने कुकी और मैतेई समुदायों के सदस्यों के साथ बातचीत की है। प्रत्येक समुदाय के साथ छह दौर की बातचीत हुई है। 

राज्य में तीन महीने तक चली जातीय हिंसा में करीब 150 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों लोग घायल हैं और लाखों लोग कैंप में रहने को मजबूर हैं। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में गुरुवार को दो समूहों के बीच गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर यहां फौबाकचाओ इखाई में हुई गोलीबारी के दौरान एक घर को भी जला दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दो पक्षों के बीच गोलीबारी में शामिल भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।