BBC के दिल्ली-मुंबई दफ्तर में IT का सर्वे पूरा, करीब 60 घंटे चला अभियान

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कार्पोरेशन (BBC) के दिल्ली-मुंबई ऑफिस में आयकर विभाग का सर्वे पूरा हो गया है। यह अभियान करीब 60 घंटे तक चला।

Updated: Feb 17, 2023, 03:15 AM IST

नई दिल्ली। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कार्पोरेशन (BBC) के दिल्ली-मुंबई ऑफिस में आयकर विभाग का सर्वे पूरा हो गया है। यह अभियान करीब 60 घंटे तक चला। मंगलवार सुबह 11:30 बजे IT की टीम ने बीबीसी के दफ्तरों में सर्वे शुरू किया था, जो गुरुवार देर रात खत्म हुआ। आयकर विभाग की टीम देर रात 11 बजे BBC के दफ्तरों से बाहर निकलीं।

बीबीसी के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा, 'आयकर विभाग के अधिकारी हमारे दिल्ली और मुंबई के दफ्तरों से जा चुके हैं। हम IT की टीम का सहयोग करते रहेंगे। उम्मीद है कि मामला जल्दी ही सुलझ जाएगा। हम अपने कर्मचारियों का पूरी तरह से समर्थन कर रहे हैं। उनका ध्यान भी रख रहे हैं। खासतौर पर उन लोगों ने जिनसे बहुत लंबी पूछताछ की गई है, कई लोगों को तो पूरी रात दफ्तर में रुकना पड़ा है। ऐसे कर्मचारियों का ख्याल रखना हमारी प्राथमिकता है।'

यह भी पढ़ें: अब जम्मू कश्मीर में कांपी धरती, कटरा में आया 3.6 तीव्रता का भूकंप

BBC की ओर से कहा गया कि हमारा कामकाज सामान्य हो रहा है। हम अपने रीडर्स, लिसनर्स और दर्शकों को निष्पक्ष समाचार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम भरोसेमंद, निष्पक्ष, अंतरराष्ट्रीय और स्वतंत्र मीडिया हैं, हम अपने उन सहकर्मियों और पत्रकारों के साथ खड़े हैं जो लगातार आप तक बिना डर और लोभ-लाभ के समाचार पहुंचाते रहेंगे।

दरअसल, सर्वे के दौरान दिल्ली ऑफिस के 10 सीनियर एम्प्लाइज ने दो रातें दफ्तर में ही बिताईं थी। आयकर विभाग की टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए रोक रखा था। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने आयकर विभाग की कार्रवाई की निंदा की थी। उन्होंने इसे पीएम मोदी पर डॉक्यूमेंट्री के जवाब में एक राजनीतिक प्रतिशोध बताया। वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा ने BBC पर गलत रिपोर्टिंग और सबसे भ्रष्ट होने का आरोप लगाया है।