जम्मू-कश्मीर: पुंछ में 300 फीट गहरी खाई में गिरा सेना का ट्रक, 5 जवानों की मौत और कई घायल
बताया जा रहा है कि वैन में 18 जवान सवार थे। इनमें से 5 की मौत हो गई। वहीं, 10 घायल हैं। 4 की हालत गंभीर है। 3 लापता जवानों की तलाश जारी है।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को भारतीय सेना का एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। पुंछ में सेना का ट्रक 300 फीट गहरी खाई में गिर गया है। हादसे में 5 जवानों की मौत की खबर है। जबकि कई जवान घायल बताए जा रहे हैं। सेना ने घायलों का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक वैन में 18 जवान सवार थे। इनमें से 5 की मौत हो गई। वहीं, 10 जवान घायल हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, 3 जवान लापता हैं जिनकी तलाश जारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सभी जवान शाम को लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलनोई इलाके में घोड़ा पोस्ट के पास ड्राइवर के संतुलन खोने की वजह से वैन खाई में गिर गई। सभी जवान 11 मराठा रेजिमेंट के बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। घायल जवानों को आसपास के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
सेना के White Knight Corps ने पुंछ सेक्टर में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में 5 जवानों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। व्हाइट नाइट कोर्प्स ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायल जवानों का इलाज शुरू कर दिया गया है।