अंबाला के चर्च परिसर में जीसस की मूर्ति के साथ तोड़फोड़, एक्टिवा पर सवार होकर आए थे दो आरोपी

अंबाला कैंट के होली रिडीमर चर्च का मामला, बीती रात दो बजे के आसपास दिया गया घटना को अंजाम, अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Publish: Dec 26, 2021, 10:07 AM IST

नई दिल्ली। क्रिसमस की रात हरियाणा के अंबाला में कुछ शरारती तत्वों ने चर्च परिसर में रखी जीसस की मूर्ति तोड़ डाली। रात करीब दो बजे के आसपास दो युवक चर्च में दाखिल हुए, और प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ कर के फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

 यह वारदात अंबाला कैंट के होली रिडीमर चर्च में हुई। रात में जब चर्च के भीतर क्रिसमस के मौके पर आयोजित जलसा खत्म हो गया, सभी लोग अपने घरों की ओर लौट गए, इसके ठीक बाद दो युवक चर्च में दाखिल हो गए। और जीसस की मूर्ति विखंडित कर रफू चक्कर हो गए। लेकिन चर्च परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी करतूत उजागर हो गई। 

यह भी पढ़ें : क्रिसमस के मौके पर बजरंग दल ने फूंका सेंटा क्लॉज का पुतला, सेंटा वापस जाओ के लगाए नारे

चर्च के फादर एंथनी ने पूरे घटनाक्रम के बारे में मीडिया को बताते हुए कहा कि रात में क्रिसमस के मौके पर चर्च में जश्न का आयोजन किया गया था। जलसा खत्म होने के बाद सभी लोग अपने घरों की ओर लौट गए। इसके बाद वे खुद भी अपने आवास में चले गए।

फादर ने बताया कि सुबह सुबह जब वे चर्च में पहुंचे, तब परिसर में जीसस की विखंडित मूर्ति देखकर चौंक उठे। इसके बाद पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद सूचना मिलने पर एएसपी पूजा डाबला सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। 

यह भी पढ़ें : बिहार के मुजफ्फरपुर में कुरकुरे नूडल्स फैक्ट्री में फटा बॉयलर, हादसे में कम से कम 6 मजदूरों की मौत

चर्च का सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात के एक बजकर 40 मिनट पर दो युवक एक्टिवा पर सवार हो कर आए थे। एक युवक चर्च परिसर में दाखिल हुआ, जबकि उसका एक अन्य साथी चर्च की बाउंड्री से लगी हुई ईसा मसीह की मूर्ति तोड़ने लगा। मूर्ति को विखंडित करने के बाद दोनों मूर्ति को वहीं छोड़कर फरार हो गए। 

यह भी पढ़ें : बॉलीवुड के दबंग सलमान को साँप ने काटा, सात घंटे तक मुंबई के अस्पताल में रहे भर्ती

फादर एंथनी ने कहा कि इस घटना से ईसाई समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवकों की तलाश में जुटी हुई है।