Kangana Ranaut: मुंबई कोर्ट ने दिया कंगना रनौत और उनकी बहन पर FIR का आदेश, गिरफ्तारी के भी आसार

Charges Against Kangana: कंगना पर हिंदुओं-मुसलमानों में नफरत भड़काने का आरोप, गिरफ्तारी भी हो सकती है

Updated: Oct 18, 2020, 07:03 PM IST

मुंबई। बॉलीवुड की कंट्रोवर्सी क्वीन कही जाने वाली कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुंबई के बांद्रा की अदालत ने मुंबई पुलिस को कंगना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। कंगना पर अपने साक्षात्कारों और ट्वीट्स के ज़रिए हिन्दुओं - मुसलमानों के बीच फूट डालने और नफरत भड़काने का आरोप लगाया गया है। कंगना के साथ ही साथ उनकी बहन रंगोली पर भी यही आरोप लगाए गए हैं। अदालत ने उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।

और पढ़ें: कंगना के खिलाफ कर्नाटक में केस दर्ज, किसानों को आतंकवादी कहने का मामला

कंगना के खिलाफ बांद्रा की अदालत में शिकायत की अर्जी साहिल अशरफ अली सैयद नाम के एक शख्स ने डाली है। शिकायत में कहा गया है कि कंगना रनौत बॉलीवुड में पक्षपात और भाई-भतीजावाद पर प्रहार करने के बहाने कलाकारों के बीच हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर फूट डालने की कोशिश कर रही हैं। याचिकाकर्ता ने अपने आरोपों को सिद्ध करने के लिए कंगना के बहुत से ट्वीट्स और टीवी चैनलों को दिए साक्षात्कारों का हवाला भी दिया है। इसी आधार पर बांद्रा कोर्ट ने मुंबई पुलिस को कंगना के खिलाफ एफआईर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।कंगना की बहन रंगोली भी इस मामले में नामजद हैं। 

कंगना के खिलाफ यह केस सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस इस सिलसिले में जल्द ही कंगना को पूछताछ के लिए तलब कर सकती है। कंगना के खिलाफ इस सिलसिले में ठोस सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।