बड़बोली कंगना ने फिर उगला जहर, कहा गांधी के भीख के कटोरे में मिली आज़ादी, जा और रो अब

बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने कंगना के बयान की तुलना देशद्रोह और पागलपन से की, कंगना ने पलटवार करते हुए कहा अब और रो.. अभिनेत्री से पद्मश्री पुरस्कार वापस लेने की उठी मांग

Updated: Nov 12, 2021, 07:29 AM IST

नई दिल्ली/मुंबई। बॉलीवुड की बड़बोली अभिनेत्री कंगना रनौत पद्मश्री मिलने के बाद लगातार जहर उगल रही है। कंगना ने आजादी वाले बेतुका बयान पर माफी मांगने के बजाए इसबार और विवादित टिप्पणी किया है। कंगना रनौत ने कहा है कि गांधी के भीख के कटोरे में आजादी मिली। कंगना ने ये बात बीजेपी सांसद वरुण गांधी पर पलटवार करते हुए कहा है।

कंगना ने वरुण गांधी के ट्वीट को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में पोस्ट कर लिखा, 'हालांकि, मैंने साफ-साफ यह कहा था कि सन 1857 में आजादी की पहली लड़ाई हुई, जिसे दबा दिया गया। इसके बाद ब्रिटिश हुकूमत की क्रूरता और बढ़ती गयी। लगभग एक सदी बाद गांधी के भीख के कटोरे में हमें आजादी दे दी गयी... जा और रो अब। 

दरअसल, कंगना रनौत ने पद्मश्री मिलने के बाद एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें कंगना कह रही हैं कि 1947 में इस देश को आजादी नहीं बल्कि भीख मिली थी। असली आज़ादी 2014 में मिली है। यानी केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद ही इस देश को आजादी को मिली है। 

यह भी पढ़ें: पद्मश्री देने से पहले हो दिमागी हालत की जांच, कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने की कंगना से सम्मान वापस लेने की मांग

कंगना के इस बयान पर देशभर में आक्रोश देखा गया। पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण ने इस सोच को पागलपन और देशद्रोह से तुलना की। वरुण गांधी ने ट्वीट किया, 'कभी महात्मा गांधी जी के त्याग और तपस्या का अपमान, कभी उनके हत्यारे का सम्मान, और अब शहीद मंगल पाण्डेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार। इस सोच को मैं पागलपन कहूँ या फिर देशद्रोह?' वरुण के इसी ट्वीट पर कंगना ने पलटवार किया है। 

कंगना के इस बयान को सोशल मीडिया यूजर्स आजादी के आंदोलन में अपना बलिदान देने वाले तमाम स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करार दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर दो पंक्तियां वायरल हो रही है जिसमें लिखा है की, 'कंगना! भीख में तुम्हें पद्मश्री मिला होगा। आजादी तो लहू के फुहारों से मिली थी।' सोशल मीडिया यूजर्स कंगना से पद्मश्री पुरस्कार वापस लेने की मांग भी कर रहे हैं।