क्रूरता के खिलाफ चुप्पी साधना भी अपराध है, झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा पत्र

सीएम सोरेन ने राष्ट्रपति मुर्मू को संबोधित पत्र में कहा कि मणिपुर में जिस तरह से क्रूरता हो रही है उसके खिलाफ अगर कोई चुप्पी साधे हुए है तो वो भी एक अपराध है।

Updated: Jul 23, 2023, 02:53 PM IST

रांची। मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई हैवानियत और शर्मनाक वारदात ने पूरे देश को झकझोर दिया है। मानवता को कलंकित करने वाले इस घटना को लेकर पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आश्चर्यजनक चुप्पी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर कहा है कि क्रूरता के खिलाफ चुप्पी साधना भी एक अपराध है।

हेमंत सोरेन ने अपने पत्र में हिंसा प्रभावित मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं को लेकर दुख व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति से पूर्वोत्तर के इस राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का निवेदन भी किया। सीएम सोरेन ने आगे कहा कि देश मणिपुर में आदिवासियों के साथ बर्बर तरीके का व्यवहार नहीं होने दे सकता।

राष्ट्रपति को संबोधित पत्र में सीएम सोरेन ने लिखा, 'मणिपुर में जिस तरह से क्रूरता हो रही है उसके खिलाफ अगर कोई चुप्पी साधे हुए है तो वो भी एक अपराध है। इसलिए मैं आज मणिपुर राज्य में जारी हिंसा पर भारी मन और गहरी पीड़ा के साथ आपको पत्र लिखने को मजबूर हूं। मणिपुर बीते दो महीने से अधिक समय से जल रहा है, वहां से हिंसा के दिल दहला देने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं। मणिपुर में जो हो रहा है वो लोकतांत्रिक मूल्यों का पतन है।'

बता दें कि मणिपुर में बीते समय से हिंसा हो रही है. अब मणिपुर में दो युवतियों के साथ दरिंदगी का एक और मामला समाने आया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये घटना भी उसी दिन हुई जिस दिन दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था। 
युवतियों के साथ हुई इस घटना को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों लड़कियों के साथ भीड़ ने पहले रेप किया और उसके बाद दोनों की हत्या क दी। इस घटना को लेकर पुलिस को शिकायत भी दी गई। शिकायत में कहा गया है कि कांगपोकपी जिले में दो अन्य युवतियों के साथ पहले दरिंदगी की गई और बाद में उनकी हत्या कर दी गई।