फुटबॉल खेलते-खेलते अचानक गिर पड़े शिलॉन्ग के सांसद रिकी सिंग्कोन, हार्टअटैक से हुआ निधन

शिलॉन्ग के सांसद फुटबॉल खेलते हुए अचानक बहोश हो गए थे, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराय गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

Updated: Feb 20, 2026, 02:07 PM IST

शिलॉन्ग। मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग से लोकसभा सांसद रिकी एजे सिंकॉन के निधन की खबर से सियासी जगत में शोक फैल गया है। रिकी एजे सिंकॉन फुटबॉल खेल रहे थे। अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

रिपोर्ट्स के अनुसार डॉ. रिकी एजे सिंकॉन गुरुवार शाम शिलांग के पास मावलाई मावियोंग इलाके के एक मैदान में दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान ही वे अचानक मैदान में गिर पड़े, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके चलते उनके दोस्त उन्हें तुरंत मावियोंग कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें तुरंत जयाव स्थिति डॉ. एच गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8:42 बजे अस्पताल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद उनका निधन हो गया। इस खबर के फैलते ही मेघालय की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद खबर की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टाइनसॉन्ग, वीपीपी अध्यक्ष अर्डेंट मिलर बसैयावमॉइट समेत कई विधायक और राजनीतिक नेता अस्पताल पहुंचे। सभी ने सिंकॉन के निधन को राज्य की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने सांसद एंड्रयू के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'शिलॉन्ग से लोकसभा सांसद डॉ. रिकी ए.जे. सिंगकॉन के निधन से गहरा दुःख हुआ है। मेघालय की जनता के प्रति उनकी समर्पित सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

डॉ. रिकी एंड्रयू जे. सिन्गकॉन शिलांग निर्वाचन क्षेत्र से 18वीं लोकसभा (2024-2026) के सांसद थे। वे वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के महासचिव और पूर्व सहायक प्रोफेसर थे। उन्होंने साल 2024 में भारी अंतर से चुनाव जीता था और कांग्रेस के तीन बार के विजेता को हराया था।