Loksabha Elections 2024: कांग्रेस उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी, दिग्विजय सिंह राजगढ़ से लड़ेंगे चुनाव

चुनावी रण में कांग्रेस ने महारथियों को मैदान में उतारा, मध्य प्रदेश की राजगढ़ सीट से दिग्विजय सिंह ठोकेंगे ताल, रतलाम से कांतिलाल भूरिया को मिला टिकट

Updated: Mar 23, 2024, 11:13 PM IST

भोपाल। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। गुरुवार को जारी इस लिस्ट में 46 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में मध्य प्रदेश की भी 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम शामिल है। पार्टी ने राजगढ़ सीट से दिग्गज नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

गुरुवार को हुई कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतारने संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। सिंह के अलावा कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया को  रतलाम से मैदान में उतारा है।

इसके अलावा सागर से गुड्डू राजा बुंदेला, रीवा से नीलम मिश्रा, शहडोल से फुन्देलाल मार्को, जबलपुर से दिनेश यादव, बालाघाट से सम्राट सारस्वत, होशंगाबाद से संजय शर्मा, भोपाल से अरुण श्रीवास्तव, उज्जैन से महेश परमार, मंदसौर से दिलीप सिंह गुर्जर, इंदौर से अक्षय कांति बम को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया गया है।

दिग्विजय सिंह के मैदान में उतरने के बाद अब राजगढ़ का चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है। राजगढ़ सिंह कि परंपरागत सीट रही है ऐसे में भाजपा का यहां जीतना नामुमकिन माना जा रहा है। दिग्विजय सिंह सन 1984 से 1993 तक राजगढ़ सीट से ही सांसद रहे थे। इसके बाद उन्हें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया और वे राधौगढ़ विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। सिंह का गृहनगर राघौगढ़ भी राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में आता है। 

बता दें कि राज्य की 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा में होगी। दूसरे चरण की वोटिंग 26 अप्रैल को टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद और बैतूल में होगी। तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ में होगी। जबकि चौथे चरण की वोटिंग 13 मई को देवास, उज्जैन, इंदौर, मंदसौर, रतलाम, धार, खरगोन और खंडवा में होगी।