अरब सागर में माल्टा का समुद्री जहाज हुआ हाइजैक, भारतीय नौसेना ने लुटेरों के खिलाफ शुरू किया ऑपरेशन

भारतीय नौसेना द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि नेवी के एक वारशिप ने अपहरण किए गए जहाज का पता लगा लिया है और हम उसपर नजदीकी से नजर बनाए हुए हैं।

Updated: Dec 16, 2023, 06:44 PM IST

मुंबई। अरब सागर में समुद्री लुटेरों ने माल्टा के एक जहाज को हाइजैक कर लिया है। जहाज को लुटेरों से छुड़ाने के लिए भारतीय नौसेना आगे आई है। 14 दिसंबर को नौसेना को एक अलर्ट मिला था। जिसके बाद नौसेना ने अपना एक युद्धपोत अदन की खाड़ी में हाइजैक हुए जहाज MV रुएन की मदद के लिए भेजा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाइजैक हुआ जहाज कोरिया से तुर्किये की तरफ जा रहा था। तभी सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने उस पर हमला कर दिया। जहाज से जब आखिरी बारी कॉन्टेक्ट हुआ, तब वो अरब सागर में सोकोट्रा आइलैंड से यमन की तरफ 380 नॉटिकल मील की दूरी पर था।

भारतीय नौसेना को UKMTO पोर्टल पर मैसेज मिला था कि 6 अनजान लोग उनकी शिप पर आ गए हैं। इसके बाद सर्विलांस के लिए नौसेना ने अपने एक विमान को भी अदन की खाड़ी में MV रुएन को लोकेट करने के काम पर लगा दिया। हाइजैक हुए जहाज पर 18 लोग मौजूद हैं।

भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा कि एमवी रूएन का पता लगाने और उसकी सहायता के लिए क्षेत्र और उसका युद्धपोत खाड़ी अदन में एंटी पाइरेसी गश्त पर हैं। जारी बयान में आगे कहा गया है कि नेवी के एक वारशिप ने अपहरण किए गए जहाज का पता लगा लिया है और हम उसपर नजदीकी से नजर बनाए हुए हैं।

यूके के समुद्री व्यापार संचालन ने कहा कि चालक दल ने जहाज पर नियंत्रण खो दिया है। फिलहाल ब्रिटेन ने इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क करने लिए अलर्ट जारी कर दिया है। किसी जहाज पर कब्ज़ा करने की यह घटना 2017 के बाद से सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा की गई सबसे बड़ी घटना है।