मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर सुबह 8 बजे लाया जाएगा कांग्रेस मुख्यालय, 9.30 बजे यहीं से शुरू होगी अंतिम यात्रा

28 दिसंबर को सुबह 8 बजे, उनके पार्थिव शरीर को AICC मुख्यालय लाया जाएगा और जनता, कांग्रेस कार्यकर्ता कल सुबह 8.30 से 9.30 बजे के बीच उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे: केसी वेणुगोपाल

Updated: Dec 27, 2024, 05:04 PM IST

नई दिल्ली। "हजारों जवाबों से अच्छी है मेरी खामोशी, न जाने कितने सवालों की आबरू रखी"... 27 अगस्त, 2012 को संसद में यह शेर पढ़ने वाले मनमोहन सिंह हमेशा के लिए खामोश हो गए। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से पूरा देश ग़मज़दा है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 9.30 बजे दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगी।

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर शुक्रवार को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास 3, मोतीलाल नेहरू रोड पर रखा गया है ताकि लोग वहां पहुंचकर अंतिम दर्शन कर सकें। कल, 28 दिसंबर को सुबह 8 बजे, उनके पार्थिव शरीर को एआईसीसी मुख्यालय लाया जाएगा और जनता तथा कांग्रेस कार्यकर्ता कल सुबह 8.30 से 9.30 बजे के बीच उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।

वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को श्रद्धांजलि देने के लिए आज शाम 5.30 बजे कांग्रेस मुख्यालय में सीडब्ल्यूसी सदस्यों, स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठक बुलाई जा रही है। इस बैठक में कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई देश के पूर्व प्रधानमंत्री सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।

जानकारी के अनुसार मनमोहन सिंह की बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) करेगा। हालांकि, बताया जा रहा है कि राजघाट के समीप ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, गृहमंत्री अमित शाह, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी समेत तमाम लोग मनमोहन सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर परिजनों को ढांढ़स बंधाया। 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री से लेकर खेल जगत में भी शोक की लहर है। सनी देओल, संजय दत्त, चिरंजीवी समेत कई सेलेब्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, वहीं स्वरा भास्कर ने मनमोहन सिंह से जुड़ा कॉलेज का किस्सा शेयर किया है। जब उन्होंने अपने ही खिलाफ प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को सस्पेंड होने से बचाया था।

स्वरा भास्कर ने मनमोहन सिंह के लिए लिखा, मुझे याद है जब मनमोहन सिंह जेएनयू आए थे। मैं एक स्टूडेंट थी। मुझे लगता है उस समय सिंगू नंदीग्राम हुआ था या शायद यह छत्तीसगड़ में एक नक्सल विरोधी ऑपरेशन हुआ था। कैंपस में विरोध प्रदर्शन की बात हो रही थी। काफी सिक्योरिटी थी, लेकिन वामपंधी छात्र संगठनों AISU, DSU ने कैंपस में काले झंडे लटका दिए और नारेबाजी, काले झंडे दिखाकर प्रधानमंत्री के भाषण को रोकने की कोशिश कामयाब रही। उन स्टूडेंट को तुरंत हटाया गया और निष्कासन नोटिस दिया गया।

यह भी पढे़ं: इतिहास मेरे प्रति उदार होगा, मनमोहन सिंह की वो आखिरी प्रेस कॉफ्रेंस जिसमें पूछे गए थे तीखे सवाल

स्वरा भास्कर ने आगे कहा कि हमने कुछ दिनों बाद सुना था कि पीएमओ ने वाइस चांसलर को कॉल कर अनुरोध किया था कि छात्रों को निष्कासित न किया जाए, क्योंकि वो विरोध करने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार के अंतर्गत हैं। आज की भारतीय राजनीति, नेतृत्व और राजनीतिक माहोल में कितना विरोधाभास है। यह इस का सबूत है कि मनमोहन सिंह एक महान प्रधानमंत्री क्यों थे।