तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर बैठक अब 29 मई को, स्थानीय नेताओं से मिलेंगे कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी

कर्नाटक फतह के बाद अब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, 29 मई को स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी

Updated: May 27, 2023, 10:00 AM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद कांग्रेस उत्साहित नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी अब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इस साल के अंत में होने वाले तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर होनेवाली कांग्रेस की बैठक अब 29 मई को निर्धारित की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार 29 मई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तीनों राज्यों के स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। 10 राजाजी मार्ग स्थित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर यह बैठक बुलाई गई है। तीनों राज्यों के नेताओं के साथ कांग्रेस हाईकमान की अलग-अलग बैठकें होंगी। यानी बैठकों का दौर देर शाम तक चलेगा। इससे पहले तीनों राज्यों के लिए तीन अलग दिन निर्धारित किए गए थे। हालांकि, कर्नाटक कैबिनेट विस्तार के कारण दो बार बैठकें टाल दी गई।

मध्य प्रदेश कांग्रेस से करीब 10 नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह 11 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सबसे पहले मध्य प्रदेश के नेताओं के साथ ही बैठक करेंगे।
इस बैठक में दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व पीसीसी चीफ कांतिलाल भूरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा और सुरेश पचौरी मौजूद रहेंगे। 

मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ यह बैठक पहले 24 मई को निर्धारित की गई थी। बाद में इसे टालकर 26 मई कर दिया गया। 25 मई को कांग्रेस पार्टी के अधिकांश नेता दिल्ली पहुंच भी गए थे। हालांकि, देर रात प्रदेश प्रभारी ने बताया कि यह बैठक भी टाल दी गई है। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 26 मई को ही पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंदौर लौट गए थे। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह व अन्य सभी नेता दिल्ली में ही रुके थे। 

जानकारी के मुताबिक दो दिन इंतजार के बाद अधिकांश कांग्रेस नेता जब मध्य प्रदेश लौट गए, उसके बाद बैठक की नई तिथि निर्धारित हुई है। पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव तो आज सुबह ही भोपाल पहुंचे हैं। जबकि, सांसद विवेक तंखा शुक्रवार दोपहर दिल्ली से जबलपुर पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह हेल्थ चेकअप के लिए दिल्ली में ही रुके हुए हैं। बहरहाल, बैठक की तारीख तय होने के बाद अब सभी कांग्रेस नेता एक बार फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।