Bombay High Court: दुनिया की सर्वश्रेष्ठ पुलिस है मुंबई पुलिस, स्कॉटलैंड यार्ड से होती है तुलना

बॉम्बे हाई कोर्ट ने सुनैना होली की एक याचिका पर सुनवाई के दौरान मुंबई पुलिस को दुनिया की बेहतरीन पुलिस में से एक बताया

Updated: Nov 01, 2020, 07:06 PM IST

Photo courtesy: the print
Photo courtesy: the print

मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने सुनैना होली के मामले में सुनवाई के दौरान मुंबई पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस दुनिया की सर्वश्रेष्ठ पुलिस है। न्यायमूर्ति एसएस शिंदे और न्यायमूर्ति एमएस कार्णिक की खण्डपीठ ने सुनैना होली के मामले में सुनवाई करते हुए कहा कि कोरोना काल में मुंबई पुलिस का काम प्रशंसनीय रहा है। हाई कोर्ट ने कहा कि अपनी कार्यप्रणाली के कारण मुंबई पुलिस की गिनती दुनिया की सर्वश्रेष्ठ पुलिस में होती है। मुंबई पुलिस की तुलना विश्व की सर्वश्रेष्ठ माने जाने वाली स्कॉटलैंड यार्ड यानी लंदन पुलिस से की जाती है। 

और पढ़ें: Sushant Singh Case: मुंबई के पुलिस कमिश्नर ने कहा, सही साबित हुई हमारी जांच, AIIMS की रिपोर्ट ने खारिज की मर्डर की थ्योरी

बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबई पुलिस की तारीफों में पुल बांधते हुए कहा कि कोरोना काल में मुंबई पुलिस काफी दबाव में काम कर रही है। मुंबई पुलिस को इस दौरान काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। पुलिसकर्मी बारह घंटे ड्यूटी करते हैं। इस दौरान कई जुलूस निकाले जाते हैं, रैलियां निकाली जाती हैं, लेकिन फिर भी मुंबई पुलिस जनता को सेवा में डटी रहती है। मुंबई पुलिस अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा में लगी रहती है। 

बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनैना होली के ऊपर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और परिवहन मंत्री आदित्य ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा चल रहा है। सुनैना होली पर आरोप है कि वो मुंबई पुलिस को जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। 

मुंबई पुलिस के सामने उन्हें हाज़िर होना था लेकिन वो हाज़िर नहीं हुईं। मामले पर उनके वकील ने कहा कि अस्वस्थ होने के कारण उनकी मुवक्किल पुलिस के समक्ष हाज़िर नहीं हो पाईं। इस पर कोर्ट ने सुनैना होली को 2 नवंबर को बांद्रा के साइबर पुलिस के सामने हाज़िर होने के लिए कहा है। कोर्ट अगली सुनवाई 23 नवंबर को करेगी।