NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने दाखिल किया नामांकन, यशवंत सिन्हा को Z श्रेणी की सुरक्षा

एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद भवन में 12 बजे नामांकन दाखिल किया, इस मौके पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत एनडीए के बड़े नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे

Updated: Jun 24, 2022, 06:54 AM IST

नई दिल्ली। एनडीए की राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने संसद भवन में महात्मा गांधी, अंबेडकर और बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने संसद भवन में ही उनसे मिलने के लिए आए राज्यों के सीएम से मुलाकात की।

झारखंड की पूर्व राज्यपाल और एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू आज संसद भवन में 12 बजे नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत एनडीए के बड़े नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। 

बता दें कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव है. एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। जबकि विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा चुनाव मैदान में हैं। बताया जा रहा है की सिन्हा 27 जून को नामांकन दाखिल करेंगे। एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के बीच विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की सुरक्षा बढ़ाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें 'Z श्रेणी' की सुरक्षा प्रदान की गई है। 

आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद मामला दिलचस्प हो गया है। वहीं झारखंड से सांसद रह चुके विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के चलते झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए असमंजस वाली स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी के सांसदों और विधायकों की कल बैठक बुलाई है। यह बैठक पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में तय किया जाएगा कि झामुमो किसको अपना समर्थन देगी। 

उधर ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक और आंध्र के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन करने का ऐलान किया है। एनडीए गठबंधन में बीजेपी के सहयोगी नीतीश कुमार ने भी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का समर्थन किया है।