अनाज चोरी के आरोप में की बच्चे की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
उत्तर प्रदेश के नौतनवा का मामला, मंडी में बिखरे अनाज को बटोरकर अपने घर ले जा रहा था बच्चा, मंडी कर्मचारियों और मज़दूरों ने पेड़ से बांधकर की बच्चे की पिटाई, वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया संज्ञान

महाराजगंज। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में अनाज चोरी करने के आरोप में एक मासूम बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटा गया। बच्चे की पिटाई करने वाले लोगों का अमानवीय चेहरा वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
यह पूरा घटनाक्रम महाराजगंज के नौतनवा का है। नौतनवा के मंडी परिसर में अनाज बिखरा पड़ा था। अनाज को बिखरा हुआ देख 9 वर्षीय एक बच्चा बिखरे अनाज को समेट कर अपने साथ घर ले जा रहा था। लेकिन मंडी परिसर में मौजूद कर्मचारियों और मज़दूरों को लगा कि बच्चे ने अनाज की चोरी की है। और इसके बाद मंडी कर्मचारियों और मज़दूरों ने मिलकर बच्चे को पेड़ से ले जा कर बांध दिया। बच्चे के साथ बुरा बर्ताव करते हुए डंडों से उसकी पिटाई की गई।
बच्चे की पिटाई की खबर सुन उसके मां बाप मौके पर पहुंचे। बच्चे के मां बाप के पहुंचने के बाद बाकायदा उनसे माफीनामा लिखवाया गया। इसके बाद ही बच्चे के मां बाप को साथ जाने दिया गया।
#महराजगंज
— Prashant Shukla (प्रशान्त शुक्ल) (@JournoPrashant) July 17, 2021
अनाज चोरी के आरोप में 9 साल के बच्चे को बांधकर पीटा
बच्चे पर आरोप है कि इसने 5 किलो अनाज चुराया है। नौतनवा मंडी कर्मचारियों ने इसे बांधकर बहुत पीटा है। बताया जा रहा है कि मंडियों में लादे जाने पर जो अनाज बोरियों से गिर जाता है उसे ये बच्चा उसे उठा रहा था। pic.twitter.com/rviAW0bOEA
इसी बीच बच्चे की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके की पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मंडी परिसर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित बच्चे से पूछताछ की। पूछने पर बच्चे ने उसकी बेरहमी से पिटाई करने वाले लोगों की पहचान कर ली। बच्चे द्वारा आरोपियों को पहचाने जाने के बाद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।