रामदेव ने मारी पलटी, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को राष्ट्रहित से जोड़ा, आम लोगों ने बताया पाखंडी
पतंजलि के मालिक रामदेव से जब पत्रकारों ने उनके पुराने बयान को लेकर पूछा कि बीजेपी सरकार में पेट्रोल के दाम कम क्यों नहीं हुए, तो रामदेव ने फौरन पलटी मारते हुए कुटिल मुस्कान के साथ उसे देशहित से जोड़ दिया

नई दिल्ली। पतंजलि के मालिक रामदेव ने एक बार फिर अपने बयान से पलटी मार दी है। इतना ही नहीं रामदेव ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को राष्ट्रहित से जोड़ दिया। रामदेव ने कहा कि दाम इसलिए कम नहीं हो सकते क्योंकि सरकार को सरकार भी तो चलानी है। सोशल मीडिया पर रामदेव का एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, रामदेव ने 9 साल पहले जब कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए की सरकार हुआ करती थी तब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। उस दौरान पेट्रोल की कीमतें करीब 60 रुपए थी। उस वक़्त रामदेव कहते थे कि यदि काला धन आया तो भारत में पेट्रोल 30 रुपए मिलेंगे। हालांकि, आज पीएम मोदी के सात साल गुजरने के बाद पेट्रोल के दाम घटने के बजाए लगभग दोगुना हो गए। इसी बात पर पत्रकारों ने रामदेव से पूछा तो उन्होंने पलटी मार दी। रामदेव ने बीते दिनों अपने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया जिसमें ये बात लिखी थी।
वायरल वीडियो में एक पत्रकार पूछता है कि आज पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं मतलब काला धन और बढ़ रहा है क्या? इसपर रामदेव कहते हैं, 'देखो जो कालाधन, भ्रष्टाचार और व्यवस्था परिवर्तन के लिए मैंने आंदोलन चलाया तो मैंने उस समय कुछ प्रस्ताव रखे थे। इसमें टैक्स टेररिज्म से और अलग-अलग प्रकार के टेररिज्म जो आर्थिक सुधारों के कार्यक्रम थे तो मैंने यह बोला था कि क्रूड ऑइल के अनुरूप यदि तेल बेचा जाए और उसके ऊपर टैक्स कम कर दिया जाए तो निश्चित रूप से जो मैंने बोला था, वो हो सकता था।'
यह भी पढ़ें: अब आग लगाना भी हुआ महंगा, 14 साल बाद बढ़े माचिस के दाम, सोशल मीडिया यूजर्स ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
रामदेव ने आगे कहा कि, 'सरकार ने जिस तरह से पूरी अर्थव्यवस्था को संजोया हुआ है, उनको राष्ट्रहित के सामाजिक कार्यों को भी जारी रखना है, विभिन्न आर्थिक चुनौतियां हैं, सरकार भी चलानी है तो इसके लिए वो टैक्स नहीं हटा पा रहे हैं। कभी न कभी ये सपना साकार होगा, ऐसी अपेक्षा है।' रामदेव के इस पलटी पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि 9 साल पहले मैने इसे ठग कहा था। सिंह ने पूछा है कि क्या उन्होंने गलत कहा था।
अब तो लाला जी के मुँह में 'दही' जम चुका है... pic.twitter.com/a36fwjboSy
— Srinivas BV (@srinivasiyc) October 23, 2021
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी लिखते हैं कि, 'अब तो लाला जी के मुंह में दही जम चुका है। कॉमेडियन राजीव निगम लिखते हैं कि, 'हो सकता है बाबाजी भी फूंकते हो.. वर्ना इतनी ऊँट पटांग बातें कोई कैसे कर सकता है।' अंकित लाल कहते हैं कि रामदेव बहुत तेज हैं। उन्होंने 30 रूपए तो बताया लेकिन ये नहीं बताया कि उसमें 300 ML पेट्रोल ही मिलेंगे। ट्वीटर पर लोग पाखंडी लाला रामदेव हैशटैग के साथ उन्हें खरी खोटी सुना रहे हैं।