प्रियंका गांधी ने वायनाड में भरा नामांकन, राहुल बोले- अब यहां से दो सांसद होंगे

कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने आज वायनाड उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी चुनाव में उतर रही हैं।

Updated: Oct 23, 2024, 03:37 PM IST

वायनाड। केरल के वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे समेत कई नेता मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि लोग मुझे पहले से ही बहुत प्यार दे रहे हैं और मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं।

प्रियंका गांधी ने नामांकन से पहले एक रोड शो किया और एक विशाल रैली को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब मैं 17 साल की थी, तब मैंने पहली बार पिता के लिए 1989 में कैंपेन किया था। तब से इन 35 साल के दौरान मां, भाई के लिए वोट मांगें। अब पहली बार खुद के लिए समर्थन मांग रही हूं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जो लोग सत्ता में हैं, उन्होंने सत्ता में बने रहने के लिए नफरत का इस्तेमाल किया। उन्होंने अलगाव पैदा किया। यह वह राजनीति नहीं है जिस पर हमारा राष्ट्र बना था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में हमारा स्वतंत्रता आंदोलन समानता और हर धर्म के प्रति सम्मान से प्रेरित था।

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि ईसा मसीह हमें विनम्रता के बारे में सिखाते हैं। बुद्ध की शिक्षाएं हमें अहिंसा का मार्ग दिखाती हैं। राष्ट्रवाद की इन्हीं वैल्यूज के लिए आज हम लड़ रहे हैं। हम सत्य, न्याय और समानता के लिए लड़ रहे हैं। इन्हीं मूल्यों ने मेरे भाई को प्रेम और एकता के लिए पूरे भारत में चलने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड देश का ऐसा क्षेत्र है जहां से 2 सांसद हैं। एक आधिकारिक सांसद और दूसरा अनौपचारिक सांसद। दोनों वायनाड के लिए काम करेंगे। बता दें प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ नाव्या हरिदास को उतारा है। 

लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने केरल की वायनाड और यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने गांधी परिवार की पारंपरिक रायबरेली सीट को चुना और वायनाड छोड़ दी। यहां 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवबंर को नतीजे आएंगे।