कर्नाटक में वोटों की गिनती के बीच जाखू मंदिर पहुंचीं प्रियंका गांधी, बजरंग बली के दरबार में नवाया शीश

कर्नाटक से मिल रही खुशखबरी के बीच प्रियंका गांधी आज यानी शनिवार सुबह हिमाचल प्रदेश में शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर पहुंचीं और बजरंग बली का आशीर्वाद लिया।

Updated: May 13, 2023, 10:59 AM IST

शिमला। कर्नाटक में वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में कांग्रेस पार्टी बहुमत के पार जाती दिख रही है। रुझानों में कांग्रेस की बढ़त के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से भी जश्न की तस्वीरें सामने आई है। इसी बीच अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मशहूर जाखू मंदिर पहुंचीं और बजरंग बली का आशीर्वाद लिया।

शनिवार सुबह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने बजरंगबली की पूजा की और आशीर्वाद लिया।
मंदिर पहुंची प्रियंका ने कर्नाटक की जनता की सुख, समृद्धि के लिए प्रार्थना की। प्रियंका गांधी ऐसे वक्त में बजरंग बली के दरबार में पहुंची हैं, जब रुझानों में कांग्रेस को कर्नाटक से खुशखबरी मिल रही है। फिलहाल, कांग्रेस ने रुझानों में बढ़त बनाई हुई है।

कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर पर हैंडल से प्रियंका गांधी का शिमला के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए एक वीडियो भी शेयर किया गया है। वीडियों में प्रियंका गांधी गले में बजरंग बली की तस्वीर वाली पटका डाले हुए नजर आ रही हैं। इस दौरान प्रियंका कुछ समय मंदिर के भीतर बैठकर ध्यान लगाती हुई नजर आई हैं। 

प्रियंका गांधी ने अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा 'हिमाचल प्रदेश के जाखू हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश व कर्नाटका की जनता के सुख, समृद्धि व शांति के लिए प्रार्थना की। मारुति नंदन आप सभी का कल्याण करें। जय बजरंग बली।' 

बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में भाजपा बजरंग दल और बजरंग बली का मुद्दा उठाकर ध्यान भटकाने की खूब कोशिशें की थी। अब जनादेश से खुश होकर प्रियंका बजरंग बली के दरबार पहुंची हैं। भाजपा नेताओं के लिए यह प्रियंका का एक सियासी संदेश भी है। इस दौरान मंदिर में मौजूद लोगों ने प्रियंका के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और प्रियंका ने भी उनके साथ बातचीत की।

शिमला के जाखू मंदिर में हनुमान जी की 108 फीट की ऊंची मूर्ति है। यह मूर्ति अभिताभ बच्चन की बेटी द्वारा बनवाई गई है।