चमकौर साहिब से चुनाव लड़ेंगे CM चन्नी, सिद्धू को मिला अमृतसर पूर्व, कांग्रेस के 86 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी

कांग्रेस ने प्रताप सिंह बाजवा को कादियान सीट से उतारा, सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक से होंगे उम्मीदवार, पहली सूची में सोनू सूद की बहन मलविका का भी नाम, मोगा से लड़ेंगी चुनाव

Updated: Jan 15, 2022, 10:57 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

चंडीगढ़। कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 86 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू समेत कई दिग्गजों का नाम है। सीएम चन्नी को पार्टी ने चमकौर साहिब से उम्मीदवार बनाया है वहीं सिद्धू अपनी वर्तमान सीट अमृतसर पूर्व से ही दांव आजमाएंगे।

पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा डेरा बाबा नानक जबकि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा कादियान से चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद मोगा से पार्टी की उम्मीदवार होंगी। दिग्गज नेता परमिंदर सिंह पिंकी फिरोजपुर सिटी से चुनाव लड़ेंगे।

इसके अलावा अबोहर से सुनील जाखड़ के भतीजे संदीप जाखड़ कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में किस्मत आजमाएंगे। पार्टी ने बस्सी पठाना से मौजूदा विधायक गुरप्रीत सिंह को बरकरार रखा है। वहीं पटियाला ग्रामीण से मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा के पुत्र मोहित चुनाव को मैदान में उतारा है। मनसा विधानसभा सीट से गायक सिद्धू मूसेवाला चुनाव लड़ेंगे जबकि नरेश पुरी सुजानपुर से कांग्रेस उम्मीदवार होंगे।

बता दें कि पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है। इस बार चुनाव में कांग्रेस की टक्कर आम आदमी पार्टी से है।