राहुल गांधी देश को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, भारत जोड़ो यात्रा को सपोर्ट करने की जरूरत है: योगेंद्र यादव

स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव ने कहा कि अगर देश को बचाना है तो मौजूदा सत्ताधारी पार्टी को सत्ता से उतारना होगा। इस वक्त देश में जो घृणा फैली है उसे दूर करना मेरी प्राथमिकता है।

Updated: Sep 10, 2022, 07:12 AM IST

कन्याकुमारी। कांग्रेस की "भारत जोड़ो यात्रा" का आज चौथा दिन है। स्वराज इंडिया के संस्थापक और सोशल एक्टिविस्ट योगेंद्र यादव भी इस यात्रा का हिस्सा हैं। कांग्रेस पार्टी की यात्रा में वे शामिल क्यों हैं, इस सवाल के जवाब में योगेंद्र यादव ने कहा कि जो लोग देश जोड़ने की बात कर रहे हैं मैं उनके साथ हूं। मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता नहीं हूं, लेकिन देश में जो घृणा फैली है उससे लड़ने के लिए आज इस यात्रा को समर्थन देने की जरूरत है।

यात्रा के दौरान एनडीटीवी से बात करते हुए योगेंद्र यादव ने कहा कि, 'मैं बिल्कुल कांग्रेस का नहीं हूं बल्कि मैं तो अपनी पार्टी का बिल्ला लगा के चल रहा हूं। मैं यहां आज इसलिए हूं क्योंकि जो लोग देश को तोड़ने की बजाय जोड़ने का काम कर रहे हैं, मैं उनके साथ हूं। कल अगर कोई और पार्टी भी ऐसी कोशिश करेगी तो उसको भी समर्थन देंगे।'

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा का चौथा दिन, लोगों में दिख रहा जबरदस्त उत्साह, बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी हो रहे शामिल

योगेंद्र यादव ने आगे कहा कि, 'सारा विपक्ष मिलकर सरकार के लिए चुनौती पेश कर सकता है। इसी क्रम में कांग्रेस ने पहल की है, ऐसे में भारत जोड़ो पहल को आगे बढ़ाने की जरूरत है। इसलिए हम यहां जुटे हैं। देश में आज जमीनी समीकरण बदल गया। जो लोगों के दुख तकलीफ हैं वो पहले से ज्यादा बढ़े हैं। इस देश का बड़ा मीडिया इन मुद्दों को रिपोर्ट नहीं करेगा। ऐसे में पुराने तरीका इस्तेमाल किया जा रहा है। ताकि लोग जागरूक हो सके।'

अन्ना आंदोलन के सक्रिय मेंबर रहे योगेंद्र यादव ने आगे कहा कि, 'मेरा मानना है कि अगर देश को बचाना है तो मौजूदा सत्ताधारी पार्टी को सत्ता से उतारना होगा। इस वक्त देश में जो घृणा फैली है उसे दूर करना मेरी प्राथमिकता है। हालांकि ये चुनौती लंबी है। 2011 के आंदोलन के वक्त भ्रष्टाचार अहम मुद्दा था। लेकिन उसका नेतृत्व गलत हाथों में गया जो कि हमारी गलती थी। अब वो जो कर रहे हैं, मेरे लिए शर्म से डूब जाने वाली बात है।'

यह भी पढ़ें: गवर्नर सत्यपाल मलिक ने की राहुल गांधी की तारीफ, बोले- भारत जोड़ो यात्रा से देश को काफी उम्मीद

योगेंद्र यादव ने भारत जोड़ो यात्रा के मकसद के बारे में कहा कि हिंदु-मुस्लिम के जहर को निकालने के लिए यह एक अहम कदम है, और इसे बढ़ चढ़कर सपोर्ट करने की जरूरत है। बता दें कि योगेंद्र यादव सहित देशभर के 200 से अधिक सिविल सोसाइटी के प्रमुख हस्तियों ने भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन किया है और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।