गुजरात के लोगों से राहुल गांधी का 3 बड़ा वादा, बोले- कांग्रेस सरकार बनते ही कर्मचारियों को मिलेगा उनका हक

गुजरात में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राहुल गांधी ने राज्य की जनता से तीन बड़े वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस सरकार बनते ही कर्मचारियों को उनका हक मिलेगा।

Updated: Oct 30, 2022, 11:36 AM IST

नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इसी बीच भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने गुजरात की जनता से 3 बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा है कि गुजरात में कांग्रेस सरकार बनते ही कर्मचारियों को उनका हक मिलेगा।

राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट किया, 'कांग्रेस का पक्का वादा। संविदाकर्मियों को पक्की नौकरी। पुरानी पेन्शन व्यवस्था (OPS) बहाल। समय पर प्रमोशन। राजस्थान में लागू किया, अब गुजरात में कांग्रेस सरकार बनते ही कर्मचारियों को उनका हक़ मिलेगा।कांग्रेस देगी पक्की नौकरी।'

बता दें कि कांग्रेस ने अब गुजरात में चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात में कांग्रेस के चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने गुजरात मॉडल को खोखला बताते हुए राजस्थान की तर्ज पर गुजरात में भी सरकारी कार्मिकों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा किया। इस हफ्ते गुजरात में सचिन पायलट और दिग्विजय सिंह की भी सभाएं होने वाली है।