राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, अश्लील फिल्में बनाने का है आरोप

राज कुंद्रा को सोमवार रात मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने कुंद्रा को अश्लील फिल्में बनाने के सिलसिले में गिरफ्तार किया है, कुंद्रा पर आरोप है कि उनके इशारे पर लड़कियों को फंसा कर अश्लील फिल्मों की शूटिंग होती थी, और इसके बाद इन फिल्मों को विभिन्न एप्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डाला जाता था

Publish: Jul 20, 2021, 02:57 AM IST

Photo Courtesy: Deccan Herald
Photo Courtesy: Deccan Herald

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कुंद्रा को अश्लील फिल्म बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोमवार रात को मुंबई पुलिस राज कुंद्रा को अपने साथ हिरासत में लेकर चली गई। जहां इस सिलसिले में राज कुंद्रा से पूछताछ की जा रही है।

दरअसल इस साल की शुरुआत में मुंबई पुलिस ने अश्लील फिल्म बनाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद मुंबई पुलिस दोषियों की तलाश में थी। मुंबई पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी भी की। जिसके बाद चार आरोपी मुंबई पुलिस की पकड़ में आ गए। इन्हीं चार आरोपियों के बयान के आधार पर मुंबई पुलिस राज कुंद्रा तक पहुंच गई। 

हालांकि मुंबई पुलिस का कहना है कि राज कुंद्रा को महज आरोपियों के बयान के आधार पर नहीं गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक उसके पास राज कुंद्रा के खिलाफ कई तकनीकी सबूत हैं। 

क्या है मामला 

राज कुंद्रा पर अश्लील फिल्मों को बनाकर उन्हें ओटीटी प्लेटफॉर्म और ऐप पर बेचने का आरोप है। इन फिल्मों को बेचने के लिए बकायदा एक Hotshot नामक एक ऐप भी बनाया गया था। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक इसके लिए लड़कियों को मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने का लालच देकर लाया जाता था। मुंबई पुलिस के मुताबिक यह कारोबार लाखों का है।