डोनेट फॉर देश अभियान में सचिन पायलट का अहम योगदान, एक साथ 138 कार्यकर्ताओं ने दिया चंदा

कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन के जन्मदिन के मौके पर सचिन पायलट 138 कार्यकर्ताओं को लेकर बधाई देने पहुंचे, सभी 138 कार्यकर्ताओं ने 1 लाख 38 हजार रुपए चंदा भी डोनेट फॉर देश अभियान के लिए दिया।

Updated: Jan 13, 2024, 10:57 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के "डोनेट फॉर देश" क्राउडफंडिंग अभियान को सचिन पायलट ने गति दी है। पायलट ने शुक्रवार को इस अभियान के साथ 138 लोगों को जोड़कर आधे घंटे में ही करीब दो करोड़ रुपए इकट्ठा किया। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने इसके लिए उन्हें धन्यवाद कहा है।

दरअसल, शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन का जन्मदिन था। कांग्रेस के 138 साल होने पर माकन ने द्वारा ही डोनेट फॉर देश अभियान चलाया गया जिसके तहत लोग कांग्रेस पार्टी को 138 रुपए से लेकर 1 लाख 38 हजार रुपए तक डोनेट कर रहे हैं। पायलट स्वयं तो पहले ही 1 लाख 38 हजार रुपए डोनेट कर चुके हैं।

हालांकि, शुक्रवार को माकन के जन्मदिन के मौके पर वे 138 कार्यकर्ताओं को लेकर उनके पास पहुंचे। इन सभी कार्यकर्ताओं ने डोनेट फॉर देश अभियान से जुड़कर पार्टी को 1 लाख 38 हजार रुपए डोनेट किया। यानी कुल 1 करोड़, 90 लाख और 44 हजार रुपए पार्टी फंड में एक साथ जमा हुई। माकन ने इस दौरान कहा कि ये उनका 60वां जन्मदिन है और इससे बेहतर गिफ्ट उन्हें कभी कुछ नहीं मिला।

उन्होंने यह भी कहा कि डोनेट फॉर देश अभियान के लिए भी एकसाथ इतने लोगों ने फंड नहीं किया है। बता दें कि कांग्रेस ने हाल ही में क्राउड फंडिंग के लिए डोनेट फॉर देश अभियान की शुरुआत की है। बीते दिनों पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 1.38 लाख रुपये का अंशदान कर अभियान का आगाज किया था। यह अभियान कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस पर शुरू किया गया था। इसमें पार्टी के पूर्व राहुल गांधी समेत कई अन्य नेता अंशदान दे चुके हैं।