EID: इस रमजान स्विगी को मिले 60 लाख बिरयानी के ऑर्डर, फिरनी मालपुआ और फालूदा की खपत में भी रिकॉर्ड वृद्धि

Swiggy के मुताबिक, रमजान के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में देशभर में लोकप्रिय व्यंजनों के ऑर्डर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, रमजान के माह में उसे करीब 60 लाख बिरयानी के ऑर्डर मिले।

Updated: Apr 11, 2024, 05:55 PM IST

हैदराबाद। देश में इन दिनों ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने का चलन बढ़ता जा रहा है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy के मुताबिक रमजान के महीने में उसे रिकॉर्ड 60 लाख बिरयानी के ऑर्डर मिले। दावा है कि आम दिनों की तुलना में रमजान के दौरान स्विगी को बिरयानी के 15 फीसदी ज्‍यादा ऑर्डर आए।

ऑनलाइन बिरयानी ऑर्डर के मामले में हैदराबाद शीर्ष पर है। यहां रमजान के महीने में दस लाख से ज्‍यादा प्लेट बिरयानी और 5.3 लाख प्लेट हलीम का ऑर्डर मिला। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा कि रमजान के महीने में हलीम और समोसा जैसे पारंपरिक पसंदीदा व्यंजन इफ्तार की मेज पर हावी रहे। 

स्विगी के मुताबिक, रमजान के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में देशभर में लोकप्रिय व्यंजनों के ऑर्डर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। रमजान के दौरान शाम 5:30 बजे के बीच इफ्तार ऑर्डर में शाम 7 बजे तक 34 फीसदी इजाफा देखा गया।

रमजान के महीने में फिरनी के ऑर्डर में 80.97 फीसदी इजाफा देखा गया, वहीं मालपुआ के ऑर्डर में 79.09 फीसदी और फालूदा व खजूर के ऑर्डर में क्रमशः 57.93 फीसदी और 48.40 फीसदी का रिकॉर्ड इजाफा देखा गया। कंपनी ने कहा, "रमजान के 'स्वीट स्पॉट' मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, भोपाल और मेरठ में मालपुआ, खजूर और फिरनी सहित इफ्तार के मीठे व्यंजनों के ऑर्डर में भी भारी वृद्धि देखी गई। 

बता दें कि स्विगी ने साल के अंतिम दिन ऑर्डर लिस्ट शेयर किए थे जिसके मुताबिक यूजर्स ने 2023 में सबसे ज्‍यादा बिरयानी ऑर्डर की थी। 2023 में स्विगी पर बिरयानी लगातार आठवें साल सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश रही थी। भारत में 2023 में प्रति सेकंड 2.5 बिरयानी का ऑर्डर दिया गया। साल 2020 में स्विगी पर 90 बिरयानी प्रति मिनट ऑर्डर की गई थी जबकि साल 2021 में ये आंकड़ा बढ़कर 115 बिरयानी प्रति मिनट, 2022 में रिकॉर्ड तोड़ 137 बिरयानी प्रति मिनट और 2023 में तो 150 से अधिक बिरयानी प्रति मिनट का ऑर्डर दिया गया।