UP: श्रद्धालुओं को गंगा स्नान कराने ले जा रहा ट्रैक्टर तालाब में गिरा, 8 महिलाएं और 7 बच्चों की मौत

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर स्पीड से चल रहा था। कंट्रोल खोने से ट्रैक्टर सड़क से उतकर तालाब में जा गिरा। डीएम ने बताया कि हादसे में 15 की मौत हो चुकी है।

Updated: Feb 24, 2024, 12:53 PM IST

कासगंज। उत्तरप्रदेश के कासगंज में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 8 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ट्रॉली में 40 लोग सवार थे। अन्य को रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग माघी पूर्णिमा पर ट्रैक्टर ट्रॉली से कासगंज स्थित कादरगंज घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे, तभी रियावगंज पटियाली मार्ग पर गढ़ई गांव के पास हादसा हो गया। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। देखते-देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए। डीएम ने बताया कि हादसे में 15 की मौत हो चुकी है। इनमें 7 मासूम बच्चे और 8 महिलाएं शामिल हैं।

इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। 4 बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। हादसे का शिकार सभी ट्रेक्टर सवार जैथरा थाना के छोटे कसा गांव के रहने वाले थे। माघ पूर्णिमा के अवसर पर ये लोग गंगा स्नान के लिए कासगंज की पटियाली के कादरगंज गंगा घाट पर जा रहे थे।