वरुण गांधी ने किसान महापंचायत का किया समर्थन, किसानों की पीड़ा समझने की अपील की

वरुण गांधी ने कहा कि महापंचायत में आज लाखों किसान एकत्रित हुए हैं, ये सभी हमारा ही खून हैं, हमें इनका दर्द समझने की जरूरत है

Updated: Sep 05, 2021, 08:19 AM IST

नई दिल्ली। बीजेपी नेता वरुण गांधी अब खुल कर किसानों के समर्थन में आ गए हैं। वरुण गांधी ने मुजफ्फरनगर में जारी किसान महापंचायत का समर्थन किया है। बीजेपी नेता ने सरकार से किसानों का दर्द समझने की अपील की है। 

वरुण गांधी ने मुजफ्फरनगर में जारी किसान महापंचायत का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए कहा है कि मुजफ्फरनगर में आज लाखों की तादाद में किसान एकत्रित हुए हैं। ये सभी हमारा ही खून हैं। वरुण गांधी ने कहा है कि हमें सम्मान के साथ किसानों से दोबारा जुड़ने यानी बातचीत शुरू करने की जरूरत है।

वरुण गांधी ने किसानों का पीड़ा समझने की अपील करते हुए कहा है कि हमें किसानों का मत समझना होगा। बीजेपी नेता ने कहा है कि हमें किसानों के साथ मिलकर साझा समाधान पर पहुंचना चाहिए। 

इससे पहले वरुण गांधी ने करनाल में हुए लाठीचार्ज की भी आलोचना की थी। वरुण गांधी ने लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया था। वरुण गांधी ने किसानों का सिर फोड़ देने का आदेश देने वाले एसडीएम आयुष सिन्हा का वायरल वीडियो साझा करते हुए निंदा की थी।

यह भी पढ़ें : Kisan Mahapanchayat Live: मुज़फ्फरनगर में महापंचायत जारी, किसानों का उमड़ा जन सैलाब 

मुजफ्फनगर में किसानों की महापंचायत जारी है। करीब पांच लाख किसानों के महापंचायत में शामिल होने का दावा किया जा रहा है। देश भर के विभिन्न राज्यों से किसान मुजफ्फरनगर पहुंच कर केंद्र के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।