कर्नाटक में भी बीजेपी विधायक मुख्यमंत्री के खिलाफ, क्या अब येदियुरप्पा की जाएगी कुर्सी

बंसगौड़ा से विधायक पाटिल यत्नलाल ने कहा है कि इस मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी का चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा, बीजेपी विधायक ने कहा कि चुनाव से पहले बीजेपी को मुख्यमंत्री बदलना होगा

Updated: Mar 22, 2021, 03:38 AM IST

Photo Courtesy: Deccan Herald
Photo Courtesy: Deccan Herald

बेंगलुरु। उत्तराखंड के बाद अब कर्नाटक बीजेपी में भी मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के खिलाफ बगावती सुर उठने लगे हैं। कर्नाटक में बीजेपी के एक विधायक ने दावा किया है कि चुनाव से पहले पार्टी हाईकमान राज्य में मुख्यमंत्री बदल देगा। बांसगौड़ा से बीजेपी विधायक पाटिल यत्नलाल ने कहा है हम इस मुख्यमंत्री के साथ चुनाव नहीं जीत सकते। 

बीजेपी विधायक ने कहा कि अगर आगामी चुनाव में बीजेपी को जीत हासिल करनी है तो इसके लिए सबसे ज़्यादा जरूरी यही है कि पार्टी मुख्यमंत्री को बदले। क्योंकि इस मुख्यमंत्री के साथ हम चुनाव नहीं जीत पाएंगे। विधायक ने मुख्यमंत्री येदियुरप्पा पर वंशवाद की राजनीति और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया।

पाटिल ने कहा कि वे सिर्फ अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी का महिमामंडन करते हैं क्योंकि इन दोनों नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार और वंशवाद की राजनीति करने का आरोप नहीं है। बीजेपी विधायक ने कहा कि वे ऐसे आदमी का महिमामंडन नहीं कर सकते जो कि वंशवाद की राजनीति और भ्रष्टाचार में संलिप्त हो। 

पाटिल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह भले ही यह कहें कि मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बदलेगा। लेकिन हकीकत यही है कि चुनाव से पहले पार्टी मुख्यमंत्री का चेहरा बदल देगी। बीजेपी विधायक ने कर्नाटक के साथ साथ हरियाणा में भी फेरबदल होने के संकेत दिए। इसी महीने की शुरुआत में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ विरोध बढ़ने के बाद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया। बीजेपी के इस कदम के बाद अन्य राज्यों में भी मुख्यमंत्री के खिलाफ बगावती सुर उठने लगे हैं।