Paresh Rawal : प्रियंका गांधी पर Tweet कर फंस गए परेश रावल

परेश रावल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर मुफ्त के बंगले में रहने का लगाया आरोप, झूठे साबित हुए

Publish: Jul 04, 2020, 12:19 AM IST

बॉलीवुड अभिनेता और बीजेपी नेता परेश रावल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लोधी स्टेट स्थित बंगले को लेकर अपने ही बयान में उलझ गए हैं। परेश रावल ने इशारे इशारे में आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी मुफ्त के बंगले में रह रही थीं। मगर मीडिया रिपोर्ट्स में खुलासा हुआ है कि प्रियंका गांधी प्रति माह 37 हज़ार रुपए का किराया दे रही हैं।

केंद्र सरकार ने प्रियंका गांधी को लोधी स्टेट स्थित बंगला एसपीजी सुरक्षा के मद्देनजर फरवरी 1997 में एलॉट किया गया था। इसके बाद से ही प्रियंका उस बंगले में रह रही हैं। केंद्र सरकार ने नवम्बर 2019 में प्रियंका गांधी से एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी। बुधवार को केंद्रीय शहरी और आवासीय मामले के मंत्रालय ने प्रियंका गांधी को लोधी स्टेट स्थित उनके बंगले को ख़ाली करने का आदेश जारी किया है। प्रियंका गांधी को 1 अगस्त तक बंगला खाली करने का नोटिस थमाया गया है। केंद्र सरकार के इस निर्णय की आलोचना हो रही है। केंद्र की आलोचना के बीच एक्टर और बीजेपी नेता परेश रावल ट्वीट किया कि मुफ्त के बंगले में रह कर अपनी दादी इंदिरा गांधी की नाक कटवा दी है।

परेश रावल के दावे में कितनी सच्चाई है ?

परेश रावल ने भले ही बिना नाम लिए ट्वीट किया हो मगर सभी उनका इशारा समझ गए। इस ट्वीट के बाद कई लोगों ने परेश रावल की आलोचना की है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात का भी खंडन हो गया कि प्रियंका गांधी लोधी स्टेट स्थित बंगले में मुफ्त में रह रही थीं। हिंदी न्यूज चैनल आजतक की वेबसाइट के अनुसार प्रियंका गांधी लोधी स्टेट स्थित बंगले में रहने के लिए प्रति माह 37 हज़ार रुपए का किराया दे रही हैं।