धोनी के घर पहुंचा कोरोना, माता और पिता दोनों कोरोना से हुए संक्रमित

धोनी के माता पिता को रांची के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती किया गया है, डॉक्टरों ने बताया है कि दोनों की स्थिति अभी सामान्य है, कोरोना का संक्रमण उनके फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है

Updated: Apr 21, 2021, 05:35 AM IST

Photo Courtesy: Cricket Times
Photo Courtesy: Cricket Times

रांची। कोरोना वायरस ने भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के अभिभावकों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। धोनी के माता पिता दोनों ही कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। दोनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना की चपेट में आने के बाद दोनों को रांची के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

यह भी पढ़ें : झारखंड में एक हफ्ते का लॉकडाउन, सरकार ने 22 अप्रैल सुबह से 29 अप्रैल तक बंद का किया फैसला

फिलहाल धोनी की मां देवकी देवी और पिता पान सिंह रांची के बरियातू रोड स्थित पल्स अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने मीडिया को बताया है कि धोनी के अभिभावकों का स्वास्थ्य अभी सामान्य है। गनीमत है कि संक्रमण दोनों के फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। डॉक्टरों का मानना है कि जल्द ही दोनों ठीक हो जाएंगे और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। 

यह भी पढ़ें : देश में पहली बार सामने आए करीब 3 लाख पॉजिटिव केस, 2 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

धोनी इन दिनों आईपीएल के 14 वें संस्करण में चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। पहले तीन मैचों में धोनी की सीएसके ने दो मुकाबले जीत लिए हैं। धोनी मूलतः उत्तराखंड के रहने वाले हैं। लेकिन कई साल पहले उनके पिता नौकरी सिलसिले में तत्कालीन रूप से बिहार के रांची आ गए थे। तब से उनका परिवार रांची में ही रहता है। देश भर में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के साथ साथ झारखंड में भी कोरोना का बड़ी तेज़ी से प्रसार हो रहा है। राज्य में कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए 29 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया है।