एक और विदेशी दौरे से पहले रोहित शर्मा हुए चोटिल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से हुए बाहर

रोहित के बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है, बीसीसीआई ने रोहित के चोटिल होने की पुष्टि कर दी है, रोहित की जगह पर प्रियांक पांचाल को भारतीय टीम में शामिल किया गया है

Updated: Dec 13, 2021, 03:37 PM IST

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से ठीक पहले रोहित शर्मा चोटिल हो गए हैं। जिस वजह से वे भारतीय टीम से बाहर हो गए हैं। रोहित शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम में शामिल नहीं होंगे। 

रोहित शर्मा के चोटिल होने की पुष्टि खुद बीसीसीआई ने की है। रोहित को बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है। आज अभ्यास के दौरान थ्रो डाउन विशेषज्ञ राघवेंद्र का थ्रो रोहित शर्मा के ग्लव्स पर लग गया। जिस कारण रोहित शर्मा दर्द से कराह उठे। चोट लगने के तुरंत बाद ही रोहित शर्मा को अस्पताल ले जाया गया। चोट गंभीर होने के कारण वे उन्हें आराम करने के लिए सलाह दी गई है। 

रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद प्रियांक पांचाल को बीसीसीआई ने भारतीय टीम में शामिल होने का मौका दिया है। क्रिकेट बोर्ड ने प्रियांक को रोहित शर्मा के विकल्प के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया है। प्रियांक पांचाल जल्द ही भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे और टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका के लिए उड़ान भरेंगे। 

रोहित शर्मा पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले भी चोटिल हो गए थे। आईपीएल के दौरान रोहित शर्मा को चोट लग गई थी। जिसके बाद वे भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं गए थे। रोहित शर्मा के टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया न जाने पर कप्तान विराट कोहली ने मीडिया से बात करते हुए इस और भी इशारा कर दिया था कि बोर्ड और टीम मैनेजमेंट के बीच संवाद का काफी आभाव है। 

विराट कोहली ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि उन्हें इस बात तक की जानकारी नहीं थी कि रोहित ऑस्ट्रेलिया जाने वाली फ्लाइट में टीम के साथ मौजूद रहेंगे या नहीं? कोहली के बयान के बाद बीसीसीआई ने बयान जारी करते हुए कहा कि रोहित शर्मा अपने पिता के बीमार होने के कारण ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के साथ नहीं जा सके। 

यह भी पढ़ें : सुलझ गया कोहली और रोहित शर्मा के बीच अरसे से चला आ रहा विवाद, कोच रवि शास्त्री ने थामी बिगड़े रिश्तों की डोर

अब एक बार फिर विदेशी दौरे से पहले रोहित शर्मा चोटिल हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका का टेस्ट दौरा रोहित शर्मा के लिए इसलिए भी खास था क्योंकि उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम का पूर्णकालिक उपकप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं नीली जर्सी में टीम इंडिया की कमान भी अब रोहित को सौंपी जा चुकी है। 

कौन हैं प्रियांक पांचाल 

प्रियांक पांचाल घरेलू क्रिकेट में गुजरात के लिए खेलते हैं। घरेलू क्रिकेट में प्रियांक का शानदार रिकॉर्ड रहा है। अपने घरेलू क्रिकेट के करियर में प्रियांक पांचाल सात हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। प्रियांक घरेलू क्रिकेट में तिहरा शतक भी थोक चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 314 रन का रहा है। 

प्रियांक पांचाल 2016-17 में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली गुजरात की टीम को जिताने में अहम भूमिका भी निभा चुके हैं। प्रियांक पांचाल उस सीजन के लीडिंग रन स्कोरर थे। प्रियांक पांचाल ने उस सीजन में सबसे ज्यादा 1310 रन बनाए थे। 31 वर्षीय प्रियांक पांचाल हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से भी खेलकर लौटे हैं। इंडिया ए की तरफ से खेलते हुए प्रियांक ने 96 रनों की एक उम्दा पारी भी खेली थी। 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 26 दिसंबर से तीन टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत होनी है। सीरीज में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी टीम इंडिया को खलने वाली है। वहीं विपक्षी खेमे दक्षिण अफ्रीका के भी धाकड़ बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक के सीरीज से बाहर होने के कयास लगाए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक क्विंटन डि कॉक जल्द ही पिता बनने वाले हैं। ऐसे में संभव है कि क्विंटन डि कॉक पहले टेस्ट के बाद बाकी दोनों टेस्ट मैचों में अफ्रीकी टीम का हिस्सा न रहें।