प्रीति ज़िंटा की टीम में शाहरुख खान....ये IPL का नया जलवा है...

अनकैप खिलाड़ियों में सबसे ज़्यादा महंगे कृष्णप्पा गौतम बिके हैं, उन्हें चेन्नई ने 9 करोड़ 25 लाख रुपए में खरीदा है

Updated: Feb 18, 2021, 01:56 PM IST

Photo Courtesy: India Tv
Photo Courtesy: India Tv

चेन्नई। इस समय चेन्नई में आईपीएल के 14 वें संस्करण के लिए मिनी ऑक्शन चल रहा है। अब तक दस सेट्स की नीलामी हो चुकी है, इसमें सबसे ज़्यादा महंगे खिलाड़ी क्रिस मॉरिस साबित हुए हैं। क्रिस मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स ने 16 करोड़ 25 लाख रुपए में खरीदा है। मॉरिस से पहले युवराज सिंह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी थे। उन्हें 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने 16 करोड़ में खरीदा था। 

शाहरुख खान प्रीति ज़िंटा की टीम से खेलेंगे 

लेकिन आईपीएल के मिनी ऑक्शन में सबसे ज़्यादा चर्चा का विषय शाहरुख खान बने हुए हैं, जिन्हें पंजाब किंग्स ने 5 करोड़ 25 लाख में खरीदा है। हालांकि ये शाहरुख खान बॉलीवुड के सुपरस्टार नहीं, बल्कि तमिलनाडु के ऑल राउंडर हैं। लेकिन शाहरुख को अपने कुनबे में शामिल करने के बाद प्रीति ज़िंटा कुछ वैसे ही खुश हुईं, मानो उन्होंने बॉलीवुड के किंग खान को ही अपनी टीम में शामिल कर लिया हो। ऑक्शन में शाहरुख खान के पंजाब किंग्स के खेमे में आने का ऐलान होते ही प्रीति ज़िंटा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे की तरफ देखते हुए कहा, 'वी गॉट शाहरुख'। दरअसल शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी मिनी ऑक्शन में आए हुए हैं।

क्रिकेटर शाहरुख खान को खरीदने के लिए सबसे पहली बोली आरसीबी ने लगाई थी। लेकिन जल्द ही उन्हें खरीदने के लिए पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद में होड़ होने लगी। बीस लाख के बेस प्राइस वाले शाहरुख को पंजाब ने 26 गुना ज़्यादा रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया है। शाहरुख खान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 220 की स्ट्राईक रेट से रन बनाए थे। हिमाचल के खिलाफ 20 गेंदों में 40 रन की ताबड़तोड़ पारी के चलते वे फ्रेंचाइजियों के बीच अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे।

शाहरुख खान के इतर अब तक के ऑक्शन में कृष्णप्पा गौतम सबसे महंगे अनकैप खिलाड़ी साबित हुए हैं। बीस लाख के बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 9 करोड़ 25 लाख में टीम में शामिल किया है। गौतम को अपनी टीम में शामिल करने के लिए चेन्नई और हैदराबाद के बीच ज़बरदस्त मुकाबला देखने को मिला था। गौतम को उनके बेस प्राइस से 46 गुना अधिक राशि में चेन्नई ने खरीदा है। गौतम से पहले आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे अनकैप खिलाड़ी कृणाल पांड्या साबित हुए थे। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 8.8 करोड़ में खरीदा था। शाहरुख खान और कृष्णप्पा गौतम के अलावा तेज़ गेंदबाज राहली मेरेहिथ सबसे महंगे विदेशी अनकैप खिलाड़ी साबित हुए हैं। चालीस लाख के बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को पंजाब किंग्स ने 8 करोड़ में खरीदा है। मेरेहिथ को अपनी टीम में शामिल करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने भी काफी ज़ोर लगाया था। ऑलराउंडर शिवम दुबे को राजस्थान रॉयल्स ने चार करोड़ चालीस लाख में खरीदा है। शिवम को खरीदने के लिए सनराइजर्स की टीम भी पीछे पड़ी थी। 

स्टार खिलाड़ियों की बात की जाए तो ग्लेन मैक्सवेल को 14.25 करोड़ में आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया है। मैक्सवेल के लिए चेन्नई और आरसीबी के बीच दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिली। हालांकि चेन्नई के पास एक ही विदेशी खिलाड़ी का स्लॉट बचा हुआ था, इसलिए चेन्नई ने मोईन अली को सात करोड़ में खरीद लिया। मैक्सवेल के बाद जाय रिचर्डसन को खरीदने के लिए दिल्ली, बंगलौर और पंजाब के खेमे एक दूसरे पर टूट पड़े। डेढ़ करोड़ के बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को पंजाब ने 14 करोड़ में खरीदा है। शाकिब अल हसन को एक बार फिर कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीद लिया है। केकेआर ने शाकिब को 3.20 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया है। शाकिब अल हसन को खरीदने में पंजाब किंग्स ने भी दिलचस्पी दिखाई थी।

स्टीव स्मिथ की नीलामी ने क्रिकेट दिग्गजों को चौंका दिया। दो करोड़ के बेस प्राइस वाले स्मिथ के लिए सबसे पहली बोली आरसीबी ने लगाई थी। इसके बाद जब दिल्ली ने दो करोड़ बीस लाख की बोली लगाई तो आरसीबी ने स्मिथ में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। दिल्ली को स्टीव स्मिथ महज़ दो करोड़ बीस लाख में मिल गए। दिल्ली की टीम इसे अपने लिए फायदे के सौदे के तौर पर देख रही है। ऑक्शन के बीच में ब्रेक के दौरान मोहम्मद कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स को बताया कि रिकी पोंटिंग स्मिथ को दिल्ली की टीम में शामिल किए जाने पर खुश हैं, उन्होंने मेसेज भी किया है। कैफ ने कहा कि स्मिथ का अनुभव हमारे (दिल्ली)  ज़रूर काम आएगा। 

मुंबई इंडियंस ने भी ऑक्शन में अब तक बड़ी सूझ बूझ दिखाई है। मुंबई इंडियंस कोल्टर नाइल (5 करोड़), एडम मिल (3 करोड़ बीस लाख) और पीयूष चावला (2 करोड़ 40 लाख) को अपनी टीम में शामिल किया है।

दो करोड़ की बेस प्राइस वाले केदार जाधव और हरभजन सिंह दोनों को ही खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। दोनों ही अनसोल्ड रहे। हरभजन और जाधव के अलावा एरोन फिंच और जेसन रॉय को भी कोई खरीदार नहीं मिला। करुण नायर, हनूमा विहारी भी अनसोल्ड रहे। हालांकि ऑक्शन के सभी राउंड हो जाने के बाद एक बार फिर इन खिलाड़ियों के नाम पर बोली लग सकती है, ऐसे में इन खिलाड़ियों की संभावनाएं अभी भी शून्य नहीं हुई हैं।