अब फिल्मी पर्दे पर भी दिखेगी दादागिरी, सौरव गांगुली पर बायोपिक बनाने की हुई घोषणा

सौरव गांगुली ने खुद इस बात की जानकारी दी है, गांगुली ने बताया है कि उनकी बायोपिक लव फिल्म्स प्रॉडक्शन करेगी

Publish: Sep 09, 2021, 10:11 AM IST

नई दिल्ली। क्रिकेट का मैदान छोड़े भले ही सौरव गांगुली को एक लंबा अरसा हो गया हो, लेकिन उनकी दादागिरी अब भी उनके फैंस की यादों में ताज़ा है। सौरव गांगुली की दादागिरी को नया रुप देने के लिए अब गांगुली की बायोपिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। सौरव गांगुली ने खुद उनके जीवन पर बनाई जाने वाली बायोपिक की जानकारी दी है। 

पूर्व भारतीय कप्तान और मौजूदा बीसीसीआई प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि 'क्रिकेट मेरी ज़िंदगी रही है। इसने मेरे जीवन में आत्मविश्वास आया और मैं अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ सका। इस बात को लेकर रोमांचित हूं कि लव फिल्म्स मेरे जीवन पर बायोपिक बनाने जा रही है।' लव फिल्म्स के प्रॉडक्शन में ही सोनू के टीटू की स्वीटी, मलंग, छलांग और दे दे प्यार जैसी फिल्मों का निर्माण हुआ है। 

अब तक भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मोहम्मद अज़हरुद्दीन पर बायोपिक बन चुकी है। महेंद्र सिंह धोनी पर बनी बायोपिक में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया था। यह फिल्म सितंबर 2016 में रिलीज़ हुई थी। वहीं अज़हर फिल्म में अज़हरुद्दीन का किरदार इमरान हाशमी ने निभाया था। 2017 में सचिन तेंदुलकर पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री भी रिलीज़ हुई थी। वहीं 1983 विश्व कप विजेता टीम के सफर पर भी एक फिल्म अभी बन रही है। इसमें रणवीर सिंह कपिल देव का रोल कर रहे हैं।