धूमधाम से मना सीएम भूपेश बघेल का 60वां जन्मदिन, कहीं तुलादान तो, कहीं भूपेश नाम के लोगों का हुआ सम्मान

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह समेत कैबिनेट के मंत्रियों ने दी बधाई, स्वस्थ जीवन के लिए दी शुभकामना

Updated: Aug 24, 2021, 05:54 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का 60वां जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस और NSUI ने दर्जनों जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया है। वहीं सोशल मीडिया पर भी बधाई देने वालों का तांता लगा है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भूपेश बघेल के दीर्घ आयु और स्वस्थ्य जीवन की कामना की है।

 

छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव, तामृध्वज साहू, रविंद्र चौबे, मोहम्मद अकबर, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

वहीं इस खास मौके पर रायपुर में एक अनोखा आयोजन किया गया। शहर के आनंद समाज वाचनालय में 'मैं भी हूं भूपेश बघेल' का आयोजन किया गया। यहां भूपेश नाम के 32 लोगों का सम्मान किया गया। ये भूपेश समाज के अलग-अलग वर्गों से थे। जिनमें सोशल वर्कर,  इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मी, फोटो जर्नलिस्ट, हेल्थ वर्कर, सफाई कर्मी, बैंक के DGM समेत किसान भी शामिल थे। इस मौके पर सभी लोगों ने प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल की ही तरह समाज में जनता मदद करने की शपथ ली, जिससे प्रदेश की हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

वहीं रायपुर में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल को 75 किलो बूंदी के लड्डूओं से तौला गया। तुलादान के इन लड्डूओं को जरूरतमंदों को बांटा गया।

इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए NSUI ने खारून नदी में श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं इस दौरान छत्तीसगढ़ का परंपरागत खेल गेड़ी दौड़ का आयोजन कुशालपुर में आयोजित हुआ। रायपुर की माना बस्ती में क्रिकेट का टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में स्कूली बच्चों को मिठाई और केक खिला कर मुंह मीठा करवाया गया। रायगढ़ में हाफ मैराथन रेस जबकि कोरिया जिले में योगा सेशन का आयोजन करवाया गया। इसी कड़ी में भाटापारा में वॉलीबॉल का प्रतियोगिता रखी गई।

 

अपने जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई के नवीन महाविद्यालय का लोकार्पण किया। इस कालेज का नाम मुख्यमंत्री की स्वर्गीय मां बिन्देश्वरी बघेल के नाम पर रखने की घोषणा की गई। 

सीएम के जन्मदिन पर कई दिग्गज नेताओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी जन्मदिन की बधाई दी है। दूरदूर से उनके प्रशंसक उन्हे शुभकामानाएं देने पहुंचे हैं। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के कलाकारों ने रैप सांग के जरिए मुख्यमंत्री को बधाई दी है। इस गाने में मुख्यमंत्री की उपलब्धियों और प्रदेश के लिए संचालित योजनाओं का बखान है।