अमेरिका से युद्ध हुआ तो हम पाकिस्तान का साथ देंगे, राजस्थान BJP प्रदेशाध्यक्ष के बयान से सियासी बवाल
मदन राठौड़ ने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो पड़ोसी होने के नाते हम पाकिस्तान के साथ हैं, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने पर भारत का साथ देंगे।
जयपुर। राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष मदन राठौड़ एक का बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो हम पाकिस्तान के साथ हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए क्योंकि वो हमारा पड़ोसी है। राठौर के इस बयान से राजस्थान में सियासी बवाल मच गया है।
राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष के साथ-साथ मदन राठौड़ राज्यसभा के सांसद भी हैं। राठौड़ गुरुवार (15 अक्टूबर) को पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर जयपुर के प्रदेश कार्यालय में हुए कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा अपने पड़ोसियों के साथ खड़े होना चाहिए।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति के विचारों और उनके बताए रास्तों को लेकर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब्दुल कलाम ने हमेशा सादगी के साथ रहने के अलावा पड़ोसियों की मदद करने की भी सीख दी थी। हालांकि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने इसके लिए जो उदाहरण दिया वह विवादित है। उन्होंने पाकिस्तान को लेकर उदाहरण तो दिया, लेकिन यह भूल गए कि यह वही पाकिस्तान है, जिसने भारत में तमाम बार आतंकी वारदातों को अंजाम दिया है।
राठौड़ ने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो पड़ोसी होने के नाते हम पाकिस्तान के साथ हैं, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने पर भारत का साथ देंगे। कांग्रेस ने राठौड़ के बयान की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी इस विचार से सहमत हैं? कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेता ने पाकिस्तान का हवाला देते हुए कहा कि वहां से भारत के सैनिकों और नागरिकों पर हमले होते रहे हैं, ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का यह बयान गंभीर सवाल खड़े करता है।




